जेएनकेटी मेडिकल कॉलेज में एमआरआई सेवा शुरू, कोशी क्षेत्र के मरीजों को मिली बड़ी राहत

 

जेएनकेटी में शुरू हुआ एमआरआई स्कैन की सुविधा 



कोशी तक/सिंहेश्वर मधेपुरा:- सिंहेश्वर स्थित जन नायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कालेज सह हास्पीटल में शुक्रवार से एमआरआई जांच सेवा औपचारिक रूप से शुरू कर दी गई। अब मरीजों को सरकारी दर पर अस्पताल परिसर में ही एमआरआई जांच की सुविधा मिलेगी।

मेडिकल कॉलेज में यह सेवा पीपीपी मोड पर शुरू की गई है। इस संबंध में मेडिकल कॉलेज के उपाधीक्षक डॉ. प्रिय रंजन भास्कर ने बताया कि रंजन इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड द्वारा कॉलेज परिसर में “रंजन डायग्नोसिस” के नाम से एमआरआई जांच की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने कहा कि इस सेवा के शुरू होने से अब गरीब और जरूरतमंद मरीजों को एमआरआई जांच के लिए बाहर के शहरों में नहीं जाना पड़ेगा।

एमआरआई जांच के माध्यम से मस्तिष्क, रीढ़ की हड्डी, नसों, मांसपेशियों, लिगामेंट्स तथा घुटने और कंधे की चोट जैसी जटिल समस्याओं की सटीक पहचान संभव हो सकेगी। सामान्य एक्स-रे और सीटी स्कैन की तुलना में एमआरआई में बीमारी अधिक स्पष्ट रूप से दिखाई देती है, जिससे चिकित्सकों को सही उपचार करने में सुविधा होती है।

सरकारी दर पर एमआरआई सुविधा उपलब्ध होने से कोशी क्षेत्र के मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी। अब मरीजों का समय और पैसा दोनों बचेगा तथा गंभीर बीमारियों की जांच समय पर हो सकेगी। इसे क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Post a Comment

और नया पुराने