अधुरा बना कमरगामा का पंचायत सरकार भवन
कोशी तक/सिंहेश्वर मधेपुरा:- सरकार की महत्वपूर्ण योजना के तहत पंचायत के सभी कार्य एक ही छत के नीचे संचालित हों, इसके लिए पंचायत सरकार भवनों के निर्माण में तेजी लाने का निर्देश दिया गया है। लेकिन सिंहेश्वर प्रखंड के कमरगामा पंचायत में पंचायत सरकार भवन का निर्माण कार्य तय समय बीत जाने के बाद भी अधूरा पड़ा है और भवन धूल फांकने को मजबूर है।
मालूम हो कि कमरगामा पंचायत में 12 जुलाई 2024 को बड़े ही धूमधाम से पंचायत सरकार भवन निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया था। स्थानीय लोगों को उम्मीद थी कि जल्द ही पंचायत सरकार भवन बनकर तैयार हो जाएगा और पंचायत से जुड़े सभी कार्य एक ही स्थान पर आसानी से हो सकेंगे।
निर्धारित समय सीमा के अनुसार भवन का निर्माण 11 जनवरी तक पूरा कर हैंडओवर कर दिया जाना था। लेकिन निर्माण कार्य अब तक अधूरा पड़ा हुआ है। संवेदक जिमिनटो इंफोटेक प्राइवेट लिमिटेड द्वारा निर्माण स्थल पर पिलर खड़ा कर काम को लगभग बंद कर दिया गया है। वर्तमान स्थिति यह है कि निर्माण स्थल पर केवल पिलर खड़े हैं और वहां धूल उड़ रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि जिस कछुआ की गति से पंचायत सरकार भवन का निर्माण कार्य चल रहा है, उससे तो इसके पूरा होने में कई वर्ष लग सकते हैं। ग्रामीणों ने यह भी आशंका जताई कि लंबे समय तक काम बंद रहने से खड़े किए गए पिलर और उनमें लगे सरिये भी खराब हो सकते हैं। वही कमरगामा के मुखिया जय कृष्ण शर्मा ने बताया शुरू में पंचायत सरकार भवन का काम काफी तेजी से शुरू हुआ लेकिन अचानक ही काम की रफ्तार सुस्त हो गई। भवन में देरी होने से पंचायत का काम व्यवस्थित नही हो पा रहा है। जबकि जनवरी में ही भवन बन जाना चाहिए।
वहीं इस संबंध में एलईओ के जेई जावेद ने बताया कि कमरगामा में जमीन उपलब्ध होने में देर हुई, जिसके कारण निर्माण कार्य शुरू होने में देरी हुई। साथ ही होली पर्व के कारण मजदूरों की भी समस्या हो गई थी। उन्होंने कहा कि अब जल्द ही निर्माण कार्य को पूरा कर लिया जाएगा।
एक टिप्पणी भेजें