दिनदहाड़े हो रही चोरी से ग्रामीणों में दहशत, पांचवीं वारदात में चोर पकड़ा गया

 चोर को पकड़ कर ग्रामीणों ने बंधक बना लिया 


कोशी तक/सिंहेश्वर मधेपुरा:- सिंहेश्वर थाना क्षेत्र अंतर्गत बेहरारी गांव में पिछले कुछ दिनों से दिनदहाड़े हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। चोरी की घटनाओं का सिलसिला वार्ड नंबर 01 से शुरू हुआ और पांचवीं घटना में वार्ड नंबर 03 में बैद्यनाथ साह के घर चोरी करते एक चोर को ग्रामीणों ने रंगे हाथ पकड़ लिया।

बताया जाता है कि पकड़े गए चोर को ग्रामीणों ने पहले बांध दिया था, लेकिन बाद में भीड़ से अलग ले जाया गया। इसी बीच सूचना पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची, लेकिन ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि चोर भाग गया है। लेकिन बाद में ग्रामीणों ने चोर को पुलिस के हवाले कर दिया।

जानकारी के अनुसार पहली घटना वार्ड नंबर 01 में गांगो यादव (पिता सरयुग यादव), जो मवेशी का व्यापार करते हैं, के घर हुई। चोरों ने घर का ताला तोड़कर करीब 40 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए।

दूसरी घटना श्याम सुंदर यादव पिता श्रीलाल यादव के घर हुई, जहां गृहस्वामी के अनुसार लगभग 17 भरी चांदी के जेवरात चोरी हो गए।

तीसरी घटना भुवनेश्वर साह पिता नकछेदी साह के घर में हुई, जहां से अज्ञात चोरों ने जेवरात पर हाथ साफ कर दिया।

चौथी घटना वार्ड नंबर 02 के झरीलाल साह पिता नटाय साह के घर हुई, जहां बक्से का ताला तोड़कर लगभग 15 हजार रुपये चोरी कर लिए गए।

इसके बाद पांचवीं घटना में वार्ड नंबर 03 के बैद्यनाथ साह के घर चोरी करते एक चोर को ग्रामीणों ने रंगे हाथ पकड़ लिया था।

ग्रामीणों के अनुसार सभी चोरी की घटनाएं दिन के 12 बजे से लेकर दोपहर 2 बजे के बीच हुई हैं, जिससे गांव में भय का माहौल बना हुआ है।

इस संबंध में थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची थी, लेकिन ग्रामीणों ने आना कानी के बाद चोर को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Post a Comment

और नया पुराने