ट्रांसफार्मर के नीचे पाइप, चाकू और तेल से भींगा जमीन
तेल चोरी की घटना से ग्रामीणों में जबरदस्त आक्रोश कोशी तक/ सिंहेश्वर मधेपुरा:- सिंहेश्वर नगर पंचायत क्षेत्र में ट्रांसफार्मर से तेल चोरी की लगातार हो रही घटनाओं से स्थानीय लोग काफी परेशान हैं। नगर पंचायत के शांति नगर वार्ड नंबर 7 में पिछले 10 दिनों से ट्रांसफार्मर से तेल चोरी होने के कारण क्षेत्र में बिजली आपूर्ति ठप हो गई थी, जिससे लोगों को अंधेरे में दिन-रात गुजारना पड़ रहा था।
आक्रोशित लोगों ने जब बिजली कार्यालय पहुंचकर विरोध जताया, तब विभाग द्वारा नया ट्रांसफार्मर लगाया गया। ट्रांसफार्मर लगने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली, लेकिन यह राहत ज्यादा देर तक नहीं टिक सकी। अगले ही सुबह बिजली फिर से गायब हो गई। जांच करने पर पाया गया कि ट्रांसफार्मर का इंसुलेटर खोलकर तेल चोरी का प्रयास किया गया है। मौके पर पाइप और एक चाकू भी बरामद किया गया।
स्थानीय ग्रामीणों शंभु कुमार और राजेश कुमार ने बताया कि रात करीब 1 से 2 बजे के बीच सटडाउन लेकर ट्रांसफार्मर से तेल निकालने की कोशिश की गई। उनका आरोप है कि इस तरह की घटना बिजली विभाग के कर्मचारियों की मिलीभगत के बिना संभव नहीं है।
ग्रामीणों ने बताया कि मामले की सूचना डायल 112 की टीम को दे दी गई है। घटना को लेकर लोगों में काफी आक्रोश है और जल्द कार्रवाई की मांग की जा रही है। इस बीच बिजली विभाग और पुलिस पदाधिकारियों के साथ नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि शिवचंद्र चौधरी भी मौके पर पहुंचे।
जांच के दौरान पता चला कि बांस के सहारे बिजली का तार तोड़कर तेल चोरी करने का प्रयास किया गया था, लेकिन ट्रांसफार्मर पर लगे जाली और बॉक्स की वेल्डिंग के कारण चोर अपने मंसूबे में सफल नहीं हो सके। साथ ही, संयोगवश पुलिस की गश्ती गाड़ी पहुंच जाने से भी चोरी की घटना को अंजाम नहीं दिया जा सका।
अध्यक्ष प्रतिनिधि शिवचंद्र चौधरी ने बताया कि बिजली विभाग के कर्मियों ने तुरंत इंसुलेटर को दुरुस्त कर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी है।
मौके पर शंभू कुमार, मंगल पोद्दार, मनोज पोद्दार, मनोहर गुप्ता, संजय गुप्ता, संदीप पोद्दार, रंजीत पोद्दार, राजकुमार रामानी, विकास रामानी, गणेश कुमार, उमेश रामानी, रामू गुप्ता, बबलू कुमार, पप्पू कुमार, प्रमोद पोद्दार, राकेश कुमार, कैलाश रामानी, रोशन कुमार, बद्री रामानी, राजा कुमार, संतोष कुमार, अमित कुमार, सुरेन शर्मा, सागर कुमार, विजय साह, सुनील कुमार सहित कई ग्रामीण मौजूद थे।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द दोषियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि इस तरह की घटनाओं पर प्रभावी रोक लग सके।

एक टिप्पणी भेजें