समृद्धि यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सिंहेश्वर धाम में किया बाबा भोलेनाथ का अभिषेक, देश-प्रदेश की खुशहाली की कामना

बाबा मंदिर में पूजा अर्चना करते मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सुरक्षा घेरे में मंदिर से बाहर निकलते मुख्यमंत्री नीतीश कुमार , अन्य 



कोशी तक/सिंहेश्वर मधेपुरा:- मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इन दिनों अपनी समृद्धि यात्रा पर हैं। इसी क्रम में वे मधेपुरा में अपने करीबी मित्र एवं विधान परिषद सदस्य ललन सर्राफ के आवास पर ठहरे हुए हैं और यहीं से बिहार के विभिन्न जिलों के दौरे पर निकल रहे हैं।

गुरुवार की अहले सुबह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार के प्रसिद्ध शिव मंदिर सिंहेश्वर धाम पहुंचकर भगवान भोलेनाथ की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने बाबा भोलेनाथ से बिहार और पूरे देश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

मंदिर में पूजा-अर्चना मंदिर के पुजारी अमरनाथ ठाकुर उर्फ लाल बाबा, शंकर ठाकुर उर्फ रघुबाबा, कन्हैया ठाकुर, पंकज ठाकुर और जय ठाकुर द्वारा संपन्न कराई गई। मुख्यमंत्री ने भगवान शिव का दूध से अभिषेक किया, अगरबत्ती और आरती दिखाकर श्रद्धापूर्वक पूजा की तथा मंदिर परिसर में कुछ देर तक दर्शन-पूजन किया।

इस अवसर पर उनके साथ विधान पार्षद ललन सर्राफ, बिहार सरकार के जल संसाधन मंत्री विजय चौधरी और स्थानीय विधायक रमेश ऋषि भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर मंदिर परिसर और आसपास के इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। सुबह साढ़े 7 बजे से ही पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के दृष्टिकोण से मंदिर परिसर को छावनी में तब्दील कर दिया था। जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। इस दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही को भी कुछ समय के लिए पूरी तरह रोक दिया गया था। तथा उनके सुरक्षा गार्ड एक घेरा मंदिर से भीतर जाने और बाहर आने तक बनाए रखा था। पुजारी और मनीष सर्राफ के अलावा किसी को उस घेरा में नहीं आने दिया।

समृद्धि यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री का यह दौरा धार्मिक आस्था के साथ-साथ क्षेत्र के लोगों के लिए भी विशेष आकर्षण का केंद्र बना रहा।

इस संबंध में मंदिर के पुजारी लाल बाबा ने बताया कि जब से नीतीश कुमार मुख्यमंत्री बने हैं, तब से जब भी वे मधेपुरा आते हैं तो बाबा सिंहेश्वर नाथ की पूजा अवश्य करते हैं। आज भी उन्होंने पूजा-अर्चना के बाद देश और प्रदेश की समृद्धि की कामना की। मौके पर डीएम अभिषेक रंजन, एसपी संदीप सिंह, डीडीसी अनिल बसाक, एडीएम अरूण कुमार, एसडीओ संतोष कुमार, एसडीसी संतोष कुमार, एएसपी प्रवेंद्र भारती, डीएसपी मनोज मानव,बीडीओ ज्योति गामी, सीओ नवीन कुमार सिंह, ईओ राजकुमार कुशवाहा, मनीष सर्राफ, राजेश रजनीश, न्यास सदस्य विजय कुमार सिंह, रौशन ठाकुर, हरेंद्र मंडल, युगल पटेल, संजीव ठाकुर, प्रबंधक भवेश कुमार सहित कई न्यास कर्मी और पुलिस प्रशासन के लोग मौजूद थे।

Post a Comment

और नया पुराने