सिंहेश्वर में गैस की किल्लत से हाहाकार, 1800 रुपये में बिक रहा घरेलू सिलेंडर

 कालाबाजारी में 1800 में बिक रहा है घरेलू गैस सिलेंडर 



कोशी तक/सिंहेश्वर मधेपुरा:- सिंहेश्वर में इन दिनों रसोई गैस की किल्लत से आम उपभोक्ता काफी परेशान हैं। गैस की कमी के कारण जहां एक ओर लोगों को सिलेंडर के लिए एजेंसी के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, वहीं दूसरी ओर दलालों की चांदी हो रही है। जरूरतमंद उपभोक्ताओं को घरेलू गैस सिलेंडर 1800 रुपये तक में खरीदना पड़ रहा है। मालूम हो कि कंपनी ने घरेलू सिलेंडर पर 60 रूपया और 19 किलों वाला व्यवसायिक सिलेंडर पर 115 रूपया की बढ़ोतरी कर दिया है। लेकिन गैस की उपलब्धता समस्या पैदा कर रही है। 

जानकारी के अनुसार सिंहेश्वर स्थित शिव शक्ति गैस एजेंसी में पिछले एक सप्ताह से गैस की भारी कमी बनी हुई है। इसके कारण घरेलू उपभोक्ताओं की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। लोग गैस सिलेंडर के लिए एजेंसी के बाहर भटकते नजर आ रहे हैं।

इस संबंध में शिव शक्ति गैस एजेंसी के मालिक यशवंत राणा ने बताया कि कंपनी द्वारा बार-बार लोड कैंसिल किया जा रहा है। काफी प्रयास के बाद किसी तरह एक लोड मिला है, जिसे बांटना भी बड़ी चुनौती बन गया है। उन्होंने कहा कि फिलहाल गैस लेना पहले की तरह आसान नहीं होगा।

उन्होंने बताया कि कंपनी ने गैस बुकिंग की अवधि 21 दिन से बढ़ाकर 25 दिन कर दी है। अब गैस लेने के लिए अग्रिम बुकिंग कॉल या ऑनलाइन करना आवश्यक होगा। साथ ही सिलेंडर लेते समय डीएससी कोड देना अनिवार्य होगा, बिना कोड के सिलेंडर नहीं दिया जाएगा।

उन्होंने यह भी बताया कि जिनके पास 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर का स्टॉक है, वे उसे खाली करा लें। कालाबाजारी की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन और इंटेलिजेंस ब्यूरो मामले की जांच कर रही है। साथ ही वितरकों को अपने स्टॉक और फिजिकल स्टॉक का मिलान कर रखने का निर्देश दिया गया है।

Post a Comment

और नया पुराने