प्रशिक्षण-सह-कार्यशाला का उद्घाटन करते डीएम अभिषेक रंजन
एक दिवसीय सहकारिता प्रशिक्षण कार्यशाला में उपस्थित लोग
कोशी तक/मधेपुरा:- जिले में पैक्सौ को सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सहकारिता विभाग ने ठोस पहल तेज कर दी है। इसी कड़ी में मंगलवार को कला भवन, मधेपुरा में एक दिवसीय प्रशिक्षण-सह-कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें 170 पैक्स एवं 13 व्यापार मंडलों के अध्यक्षों और प्रबंधकों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पदाधिकारी अभिषेक रंजन ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान कोशी प्रमंडल सहरसा के संयुक्त निबंधक (सहकारिता) मो. निसार अहमद, संयुक्त निबंधक (अंकेक्षण) अरविन्द कुमार अजय समेत कई वरीय पदाधिकारी मौजूद रहे।
कार्यशाला में विशेषज्ञों द्वारा पैक्सों के सुदृढ़ संचालन को लेकर विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। इसमें अधिप्राप्ति, मुख्यमंत्री हरित कृषि संयंत्र योजना, बिहार राज्य फसल सहायता योजना, पैक्स कम्प्यूटरीकरण, सदस्यता विस्तार, कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) संचालन तथा उर्वरक व्यवसाय के विकास जैसे विषय शामिल रहे।
पदाधिकारियों ने समितियों में समयबद्ध अंकेक्षण एवं बेहतर लेखा संधारण की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया। साथ ही योजनाओं के पारदर्शी क्रियान्वयन और बेहतर प्रबंधन के लिए जरूरी तकनीकी जानकारी भी साझा की गई।
अधिकारियों ने बताया कि इस प्रशिक्षण से पैक्स एवं व्यापार मंडलों के प्रतिनिधियों को कार्यकुशलता बढ़ाने में मदद मिलेगी, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
जिला सहकारिता कार्यालय के अनुसार, कार्यशाला सफलतापूर्वक संपन्न हुई और प्रतिभागियों ने इसे काफी उपयोगी बताया।
एक टिप्पणी भेजें