सीएचसी सिंहेश्वर का निरीक्षण करते सिविल सर्जन
सीएचसी सिंहेश्वर में मिल रही सुविधाओं की जानकारी लेते सीएस
कोशी तक/सिंहेश्वर मधेपुरा:- गुरुवार देर शाम मधेपुरा के सिविल सर्जन डॉ. विजय कुमार ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सिंहेश्वर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रसव कक्ष, प्रसव वार्ड, आकस्मिक कक्ष एवं वार्ड, एनआरसी कार्यालय तथा शल्य कक्ष का गहन जायजा लिया।
सिविल सर्जन ने प्रसव वार्ड में भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों से संवाद कर उन्हें मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं, भोजन एवं दवाओं की स्थिति की विस्तृत जानकारी ली। वहीं अस्पताल परिसर की साफ-सफाई एवं रंग-रोगन को लेकर प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक से पूछताछ करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में बाबा नगरी सिंहेश्वर में 15 फरवरी से प्रारंभ होने वाले महाशिवरात्रि मेला 2026 के दौरान स्वास्थ्य व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। सिविल सर्जन ने प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रविंद्र कुमार से मेला अवधि में प्रस्तावित स्वास्थ्य शिविर, दवाओं की उपलब्धता एवं चिकित्सकों की तैनाती को लेकर जानकारी ली और कई आवश्यक निर्देश दिए। मेला शिविर की तैयारी का निर्देश दिया।
मौके पर बीएचएम पीयूष वर्धन, लेखापाल अमित कुमार, सीबीसीई एनआरसी रुपेश कुमार, मिथलेश कुमार, जीएनएम राकेश कुमार, आउटसोर्सिंग प्रतिनिधि अंकु सिंह, एएनएम पुनिता कुमारी, पुष्पा कुमारी सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित थे।
एक टिप्पणी भेजें