सिंहेश्वर में वीडियो वायरल होने के बाद युवक गिरफ्तार, अवैध कट्टा व कारतूस बरामद

 

अवैध हथियार और कारतूस के साथ प्रदर्शनकर्ता गिरफ्तार 


कोशी तक/सिंहेश्वर मधेपुरा:- थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर हथियार लहराने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध हथियार और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है।

मामले में पुलिस अवर निरीक्षक अशोक कुमार दुबे ने बताया कि 04 फरवरी 2026 की रात करीब 8:30 बजे गुप्त सूचना के आधार पर एक वीडियो सामने आया, जिसमें एक युवक हाथ में देशी कट्टा लहराते हुए दिखाई दे रहा था। जांच में युवक की पहचान अंजेश कुमार (22 वर्ष), पिता उमाकांत यादव, निवासी ईटहरी गहुमनी वार्ड नंबर 06, थाना सिंहेश्वर के रूप में हुई।

नाम-पता सत्यापन के बाद युवक को थाना लाकर पूछताछ की गई, जहां उसने वीडियो में दिख रहे व्यक्ति के रूप में खुद की पहचान स्वीकार की। पूछताछ में उसने बताया कि वीडियो में दिख रहा देशी कट्टा और दो कारतूस उसने अपने घर के बाड़ी में नींबू के पेड़ के नीचे मिट्टी में गाड़कर छिपा रखा है।

इसके बाद पुलिस टीम सशस्त्र बल के साथ देर रात करीब 12:30 बजे आरोपी के घर पहुंची। स्थानीय लोगों की उपस्थिति में आरोपी की निशानदेही पर मिट्टी में दबा हुआ एक अवैध देशी कट्टा, एक 8 एमएम केएफ का जिंदा कारतूस और एक ठोकर लगा कारतूस बरामद किया गया। साथ ही उसके पास से विवो कंपनी का एक स्मार्ट मोबाइल फोन भी जब्त किया गया, जिसका इस्तेमाल वीडियो बनाने में किया गया था।

पुलिस ने बताया कि हथियार के स्रोत के बारे में पूछने पर आरोपी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने जप्ती सूची के गवाह बनने से इनकार कर दिया, जिसके बाद पुलिस कर्मियों को स्वतंत्र गवाह बनाकर विधिवत जप्ती सूची तैयार की गई।

आरोपी को गिरफ्तार कर थाना लाया गया है और उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि अवैध हथियार रखने और सार्वजनिक रूप से लहराने जैसे मामलों पर सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी।

Post a Comment

और नया पुराने