केपी कॉलेज मुरलीगंज में आज से दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सेमिनार का शुभारंभ

केपी कालेज में दो दिवसीय सेमिनार की तैयारी 


कोशी तक/मुरलीगंज मधेपुरा:- केपी कॉलेज मुरलीगंज में शुक्रवार से दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सेमिनार का आयोजन किया जा रहा है। इस सेमिनार में देश-विदेश के कई प्रतिष्ठित वैज्ञानिक अपने शोध और अनुभव साझा करेंगे। सेमिनार का आयोजन कॉलेज के रसायन विज्ञान विभाग द्वारा किया जा रहा है, जिसे इंडियन केमिकल सोसाइटी, कोलकाता द्वारा प्रायोजित किया गया है।

कॉलेज के प्राचार्य प्रो. डॉ. अशोक कुमार झा ने बताया कि सेमिनार का उद्घाटन शुक्रवार को पूर्वाह्न 10:30 बजे किया जाएगा। इसमें देश के विभिन्न हिस्सों के साथ-साथ विदेशों से भी वैज्ञानिक भाग ले रहे हैं। जापान, जर्मनी सहित अन्य देशों के वैज्ञानिक ऑनलाइन माध्यम से अपने व्याख्यान देंगे, जबकि कई नामचीन वैज्ञानिक ऑफलाइन मोड में कॉलेज परिसर में उपस्थित रहेंगे।

सेमिनार में देश के प्रसिद्ध फिजिकल केमिस्ट एन. बी. सिंह, यूके से राकेश रौशन झा, डॉ. गौरव गांगुली सहित कई अन्य वैज्ञानिक व्याख्यान देंगे। इसके अलावा आईआईटी कानपुर के केमिस्ट्री विभागाध्यक्ष जी. रामनाथन, आईआईएससी बेंगलुरु के एस. नटराजन समेत अनेक प्रख्यात वैज्ञानिक भी अपने विचार साझा करेंगे।

प्राचार्य ने बताया कि सेमिनार का मुख्य विषय “फ्यूचर ट्रेंड्स इन केमिकल साइंस, सस्टेनेबिलिटी एंड ग्लोबल इनोवेशन” है। इसके अंतर्गत ग्रीन केमिस्ट्री, मॉलिक्युलर इकॉनमी, ड्रग डिलीवरी सिस्टम सहित कई समसामयिक और महत्वपूर्ण विषयों पर गहन चर्चा एवं व्याख्यान होंगे।

उन्होंने कहा कि इस अंतरराष्ट्रीय सेमिनार से छात्रों के साथ-साथ आम जनमानस को भी लाभ मिलेगा। छात्रों को नवीन शोध, आधुनिक तकनीक और केमिस्ट्री के भविष्य से सीधे जुड़ने का अवसर प्राप्त होगा।

वहीं सेमिनार को लेकर कॉलेज में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। कॉलेज परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है। छात्राओं द्वारा बनाई जा रही रंगोली से पूरे परिसर में उत्सव का माहौल बना हुआ है।

मुरलीगंज से अंशु भगत 

Post a Comment

और नया पुराने