सिंहेश्वर में रोमांचक सेमीफाइनल, कटिहार ने ईएससीसी को 3 विकेट से हराकर फाइनल में बनाई जगह


लेट नवल किशोर सिंह मेमोरियल टूर्नामेंट  सेमीफाइनल 


कोशी तक/सिंहेश्वर मधेपुरा:- लेट नवल किशोर सिंह मेमोरियल जिला स्तरीय क्रिकेट टूर्नामेंट के अंतर्गत मवेशी हट मैदान, सिंहेश्वर में खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में दर्शकों को जबरदस्त रोमांच देखने को मिला। मुकाबला ईएससीसी सिंहेश्वर और कटिहार की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें कटिहार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में प्रवेश किया।

टॉस जीतकर ईएससीसी सिंहेश्वर की टीम ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। निर्धारित 25 ओवर में टीम ने 5 विकेट के नुकसान पर 168 रन बनाए। टीम की ओर से निकेत ने 51 रन की शानदार पारी खेली, वहीं राजेश सिंह ने नाबाद 47 रन और मुकेश यादव ने 22 रन का महत्वपूर्ण योगदान दिया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी कटिहार की टीम ने आखिरी ओवरों तक मुकाबले को रोमांचक बनाए रखा। कटिहार ने 24.1 ओवर में 7 विकेट खोकर 169 रन बनाते हुए मैच को 3 विकेट से अपने नाम कर लिया। टीम की जीत में कुमार आर्यन के नाबाद 46 रन और जिशु कुमार के 42 रन की अहम भूमिका रही।

इस जीत के साथ ही कटिहार की टीम ने फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली, जबकि ईएससीसी सिंहेश्वर की टीम सेमीफाइनल में ही बाहर हो गई।

मैच के दौरान स्कोरर की भूमिका दीपक और मनीष ने निभाई, जबकि पूरे मुकाबले का रोमांचक कॉमेंट्री अजीत कुमार एवं प्रदुम्न पार्थसारथी ने किया। बड़ी संख्या में मौजूद दर्शकों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

Post a Comment

और नया पुराने