कोशी तक/सिंहेश्वर/मधेपुरा:- महाशिवरात्रि पर्व के सुचारू, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में प्रतिमा सिंह धर्मशाला में प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों की एक अहम संयुक्त बैठक आयोजित की गई, जिसमें मेले की तैयारियों की गहन समीक्षा की गई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए अनुमंडल पदाधिकारी संतोष कुमार ने महाशिवरात्रि मेले के दौरान अधिकारियों की ड्यूटी, तैनाती एवं जिम्मेदारियों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी पदाधिकारी अपने-अपने कार्यस्थल पर समय पर उपस्थित रहेंगे।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार सिंह ने बैठक में सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिया कि जिस पदाधिकारी की जहां ड्यूटी निर्धारित है, वह तब तक वहां तैनात रहेगा जब तक अगला पदाधिकारी समय पर कार्यभार नहीं संभाल लेता। समय से अनुपस्थित पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई तय मानी जाएगी।
जिलाधिकारी अभिषेक रंजन ने अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर के अंदर और बाहर तैनात अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को वॉकी-टॉकी उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि निरंतर संवाद बना रहे। साथ ही स्पष्ट किया कि मंदिर परिसर में किसी भी स्थिति में बीच के रास्ते का उपयोग नहीं किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि महाशिवरात्रि के दौरान मंदिर परिसर में केवल दो द्वार—दक्षिण-पूर्वी द्वार एवं मुख्य द्वार—ही सक्रिय रहेंगे, जबकि नाग गेट और दूसरा गेट पूरी तरह बंद रहेंगे।
बैठक में अंचलाधिकारी नवीन सिंह, यातायात डीएसपी चेतनानंद झा, बीडीओ ज्योति गामी, थाना प्रभारी विनोद कुमार सिंह, विजय सिंह, रोशन ठाकुर, अस्मिता सिंह, हरेंद्र मंडल, जुगल किशोर, न्यास प्रबंधक भवेश कुमार, डॉ. रविन्द्र कुमार, पीयूष कुमार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
प्रशासन ने आपसी समन्वय के साथ महाशिवरात्रि के सफल आयोजन हेतु तैयारियों को अंतिम रूप दिया।


एक टिप्पणी भेजें