
उमंग 2026 में इंजिनियरिंग कालेज का शानदार प्रदर्शन
कोशी तक/मधेपुरा:- विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग, बिहार सरकार द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय खेलकूद महोत्सव ‘उमंग–2026’ में बी.पी. मंडल इंजीनियरिंग कॉलेज, मधेपुरा के छात्र-छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए संस्थान को गौरवान्वित किया है।
दिनांक 10 से 12 फरवरी 2026 तक आयोजित इस महोत्सव के अंतर्गत बैडमिंटन प्रतियोगिता (छात्र वर्ग) में इंजीनियरिंग कॉलेज, मधेपुरा की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए फाइनल मुकाबले में खिताब अपने नाम किया। रोमांचक फाइनल मैच में मधेपुरा की टीम ने कटिहार की टीम को 2–1 से पराजित कर लगातार दूसरी बार राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में विजय हासिल की।
विजेता बैडमिंटन टीम में गुलशन कुमार (2022–26), रौशन कुमार (2024–28), मौसूफ (2024–28) एवं शुभम कुमार (2024–28) शामिल थे। खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल, अनुशासन और खेल कौशल का परिचय देते हुए निर्णायक जीत दर्ज की।
खेलकूद के साथ-साथ आयोजित साहित्यिक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में भी कॉलेज की छात्राओं ने उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की। निबंध लेखन प्रतियोगिता में मौली कुमारी (2024–28) ने प्रथम स्थान, जबकि पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में निशु सिंह (2024–28) ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर संस्थान का नाम रोशन किया।
इस अवसर पर कॉलेज के प्राचार्य प्रो. अरविंद कुमार अमर ने सभी विजेता एवं प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने तथा सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करते हैं। वहीं खेल प्रमुख प्रो. मुरलीधर प्रसाद सिंह एवं सहायक खेल समन्वयक डॉ. अजय कुमार सहित अन्य प्राध्यापकों ने भी छात्रों को भविष्य की प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
एक टिप्पणी भेजें