जदयू प्रखंड अध्यक्ष पद के लिए चार दावेदार, सर्वसम्मति नहीं बनने पर फैसला प्रदेश को भेजा गया

जदयू के सांगठनिक चुनाव में उमड़ी भीड़ बीआरओ मोहन मिश्रा का बयान 



कोशी तक/सिंहेश्वर मधेपुरा:- सिंहेश्वर स्थित कला भवन में जनता दल (यूनाइटेड) के प्रखंड अध्यक्ष पद के लिए आयोजित सांगठनिक चुनाव को लेकर जदयू कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। चुनाव प्रक्रिया में भाग लेने के लिए सैकड़ों की संख्या में महिला और पुरुष कार्यकर्ता कला भवन पहुंचे।

बैठक का संचालन बीआरओ प्रमोद कुमार मिश्र ने किया, जबकि चुनाव के प्रवेक्षक नरेश साह उपस्थित रहे। बैठक में कार्यकर्ताओं को प्रदेश नेतृत्व के निर्देशों से अवगत कराते हुए बताया गया कि प्रखंड अध्यक्ष का चयन सिर्फ सर्वसम्मति से ही किया जाना है और किसी भी स्थिति में मतदान नहीं होगा।

निर्धारित समय के अनुसार सुबह 11:30 बजे से 12:30 बजे तक नामांकन की प्रक्रिया चली, जिसमें कुल चार उम्मीदवारों ने अपने-अपने नामांकन पर्चे दाखिल किए। नामांकन करने वालों में लगातार चार बार से प्रखंड अध्यक्ष रहे वर्तमान अध्यक्ष धीरेंद्र मंडल उर्फ हरेंद्र मंडल, पूर्व प्रखंड अध्यक्ष बैजनाथ चौहान, दानी लाल मंडल एवं लखन लाल मंडल शामिल हैं।

बैजनाथ चौहान का नाम मतदाता सूची में नहीं होने के बावजूद जिला से प्राप्त निर्देश के बाद उनका नामांकन स्वीकार किया गया। इसके बाद 12:30 से 1:00 बजे तक नाम वापसी का समय दिया गया, लेकिन किसी भी उम्मीदवार ने नाम वापस नहीं लिया।

प्रदेश के निर्देशानुसार 1 बजे से दो बजे तक आपसी सहमति बनाने का समय दिया गया, किंतु तमाम प्रयासों के बावजूद सर्वसम्मति नहीं बन सकी। इस संबंध में बीआरओ प्रमोद कुमार मिश्र ने बताया कि चूंकि सहमति नहीं बन पाई है, इसलिए सभी उम्मीदवारों के नाम प्रदेश नेतृत्व को भेजे जाएंगे, जहां से अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

इस दौरान कार्यकर्ताओं में उत्सुकता और चर्चा का माहौल बना रहा, वहीं सभी की निगाहें अब प्रदेश स्तर से आने वाले फैसले पर टिकी हैं।

Post a Comment

और नया पुराने