सिंहेश्वर में खेले गए सेमीफाइनल में खगड़िया की शानदार जीत

 मैन आफ द मैच का पुरस्कार से किया सम्मानित 



कोशी तक/सिंहेश्वर मधेपुरा:- लेट नेवल किशोर सिंह मेमोरियल जिला स्तरीय क्रिकेट टूर्नामेंट के सेमीफाइनल मुकाबले में खगड़िया की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मोतिहारी को 7 विकेट से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। यह रोमांचक मुकाबला मवेशी हाट मैदान, सिंहेश्वर में खेला गया।

मैच का उद्घाटन रोशन सिंह ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर मैदान पर खेल प्रेमियों के साथ-साथ कई गणमान्य व्यक्तियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। मुकाबले की कमेंट्री प्रसिद्ध उद्घोषक प्रद्युमन पार्थ सारथी द्वारा की गई, जिन्होंने अपनी सशक्त आवाज और रोचक अंदाज़ से दर्शकों को अंत तक बांधे रखा।

टॉस जीतकर मोतिहारी की टीम ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया, लेकिन खगड़िया के अनुशासित गेंदबाजी आक्रमण के सामने मोतिहारी की टीम 25 ओवर में 9 विकेट खोकर मात्र 136 रन ही बना सकी। मोतिहारी की ओर से सत्यम राजेश कुमार ने नाबाद 26 रन, जबकि यूसुफ जहां गिर नदीम ने 22 रन का योगदान दिया।

खगड़िया की ओर से दीपक कुमार ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके, वहीं कप्तान कुंदन सुरेश निषाद ने किफायती प्रदर्शन के साथ 2 विकेट हासिल किए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी खगड़िया की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। गोलू मिश्रा की शानदार अर्धशतकीय पारी (52 रन) और मोहम्मद शमशाद तौफीक के 32 रनों की बदौलत खगड़िया ने 15.1 ओवर में 3 विकेट खोकर 140 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया।

मैच के दौरान मैदान पर रोहित सिंह, मुकेश यादव, महबूब हसन, सुनील यादव सहित इलेवन स्टार क्रिकेट क्लब के सभी खिलाड़ी मौजूद रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। इस जीत के साथ खगड़िया की टीम ने फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है, जबकि टूर्नामेंट को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।

Post a Comment

और नया पुराने