कोशी तक/ सिंहेश्वर मधेपुरा:- महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर 15 फरवरी से शुरू होने वाले विशाल मेले को लेकर सिंहेश्वर में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। लाखों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए सिंहेश्वर मंदिर न्यास की ओर से इस बार कई विशेष और आधुनिक व्यवस्थाएं की जा रही हैं, ताकि श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
श्रद्धालुओं के ठहराव की सुविधा को लेकर धर्मशालाओं में वॉटरप्रूफ पंडाल लगाए जा रहे हैं, जिससे बारिश या ठंड के दौरान भी वे सुरक्षित और आरामदायक विश्राम कर सकें। भीड़ को देखते हुए इस बार पंडालों की संख्या बढ़ाई गई है। वहीं, पीने के पानी की समुचित व्यवस्था के लिए 15 नए नल लगाए जा रहे हैं, जो दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए राहत साबित होंगे।
मेले के दौरान किसी भी समस्या के त्वरित समाधान हेतु न्यास द्वारा इस बार स्थायी टोल-फ्री नंबर की शुरुआत की जा रही है। इस नंबर पर श्रद्धालु 24 घंटे शिकायत, सुझाव अथवा आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकेंगे, जिससे प्रशासन और श्रद्धालुओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा।
मंदिर परिसर के सामने इस बार एक बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई जाएगी, जो पूरे मेले के दौरान सक्रिय रहेगी। इस स्क्रीन पर भीड़ की स्थिति, आवश्यक सूचनाएं और सुरक्षा से जुड़े संदेश प्रदर्शित किए जाएंगे, जिससे श्रद्धालुओं को दिशा-निर्देश मिलने में सुविधा होगी।
स्वच्छता को प्राथमिकता देते हुए मेले में 20 अतिरिक्त शौचालयों की व्यवस्था की जा रही है। साथ ही मंदिर परिसर को आकर्षक एलईडी लाइटों से सजाया जाएगा, जिससे रात्रि में पूरा क्षेत्र दिव्य और आलौकिक रूप में नजर आएगा।
इस बार मेले का एक प्रमुख आकर्षण विशेष झांकी प्रतियोगिता होगी। इसमें नवोदय विद्यालय सहित आसपास के स्कूलों के कक्षा 8, 9 और 10 के छात्र-छात्राएं भाग लेंगे। प्रतिभागियों को शिवपुराण और पौराणिक कथाओं पर आधारित झांकियां तैयार करने के लिए प्रोत्साहित किया गया है। श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मंच पर सम्मानित और पुरस्कृत किया जाएगा।

एक टिप्पणी भेजें