फाइनल मैच का उद्घाटन करते अतिथि मानव सिंह
कोशी तक/सिंहेश्वर मधेपुरा:- लेट नवल किशोर सिंह मेमोरियल जिला स्तरीय क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में खगड़िया की टीम ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए कटिहार को 110 रनों से करारी शिकस्त दी और खिताब पर अपना नाम दर्ज करा लिया। यह हाई-वोल्टेज मुकाबला मवेशी हाट, सिंहेश्वर मैदान पर खेला गया, जहां दर्शकों की भारी भीड़ मौजूद रही। वही विजेताओं को मधेपुरा विधायक चंद्र शेखर यादव सहित प्रमुख अतिथियों ने ट्राफी और मेडल देकर सम्मानित किया। और सिंहेश्वर में इस तरह के भव्य आयोजन के युवा राजद नेता सोनु सिंह और आयोजक एलेवन स्टार के बरूण कुमार विशाल की प्रसंशा की।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए खगड़िया की टीम ने निर्धारित 25 ओवर में 5 विकेट खोकर 275 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की जीत के नायक बने विकेटकीपर बल्लेबाज़ हर्षित युगल आनंद, जिन्होंने 74 गेंदों पर नाबाद 101 रनों की शानदार शतकीय पारी खेली। उनकी इस विस्फोटक पारी में 7 चौके और 7 छक्के शामिल रहे।
वहीं विश्वजीत ‘पिंचू’ गोपाला ने महज़ 19 गेंदों में 54 रन ठोककर कटिहार के गेंदबाजों की लय पूरी तरह बिगाड़ दी। इसके अलावा मो. शमशाद तौफीक और भारत बलेश्वर कुमार ने भी उपयोगी योगदान देकर स्कोर को पहाड़ जैसा बना दिया।
275 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी कटिहार की टीम शुरुआत से ही दबाव में दिखी। आदित्य राज ने 20 गेंदों पर 38 रनों की तेज पारी खेलकर संघर्ष जरूर दिखाया, लेकिन अन्य बल्लेबाज़ खगड़िया की धारदार गेंदबाज़ी के आगे टिक नहीं सके। पूरी टीम 21.5 ओवर में 165 रन पर ऑल आउट हो गई।
गेंदबाज़ी में आदित्य कुमार खुशी ने कहर बरपाते हुए 5 ओवर में मात्र 13 रन देकर 4 विकेट झटके और कटिहार की रीढ़ तोड़ दी। वहीं गोलू मिश्रा ने भी कसी हुई गेंदबाज़ी करते हुए 2 अहम विकेट अपने नाम किए।
मैच के सफल संचालन में स्कोरर सत्यम, मनीष और दीपक की भूमिका सराहनीय रही। वहीं पूरे मुकाबले का आंखों देखा हाल कॉमेंटेटर अजीत कुमार एवं प्रद्युमन पार्थसारथी ने शानदार अंदाज़ में प्रस्तुत कर दर्शकों का उत्साह चरम पर बनाए रखा।
इस तरह खगड़िया की टीम ने शानदार बल्लेबाज़ी, घातक गेंदबाज़ी और अनुशासित खेल के दम पर फाइनल मुकाबला एकतरफा अंदाज़ में जीतते हुए टूर्नामेंट की ट्रॉफी अपने नाम कर ली। मौके पर नगर पंचायत अध्यक्षा पुनम कुमारी, महिषी विधायक गौतम कृष्ण, सिंहेश्वर के पुर्व विधायक चंद्रहास चौपाल, प्रमुख इस्तियाक आलम, सरपंच रामपट्टी विरेंद्र यादव, सवेरा फाउंडेशन के कोमल कुमारी, युवा राजद नेता सोनु सिंह, शिक्षक अमरेश कुमार सिंह, मानव सिंह, रौशन सिंह, संत कुमार, परवेज आलम, राजेश कुमार राजू, अमित कुमार आनंद सहित कई लोग मौजूद थे।
إرسال تعليق