मृतक का फाइल फोटो
दुर्घटना के बाद इलाज के लिए ले जाते
कोशी तक/मधेपुरा:- सोमवार की सुबह मधेपुरा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा भर्राही थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच 107 पर राजपुर स्थित गैमन इंडिया प्लांट के पास हुआ, जहां एक अज्ञात वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में मृतक की पहचान सौरव कुमार (25 वर्ष) के रूप में हुई है, जो ग्वालपाड़ा थाना क्षेत्र के डेफरा वार्ड नंबर 10 निवासी रामचंद्र यादव का पुत्र था। परिजनों के अनुसार सौरव दो भाइयों में बड़ा था।
जानकारी के मुताबिक सौरव रविवार सुबह घर से निकला था। बाद में परिजनों को पता चला कि वह अपने दोस्तों के साथ सिंहेश्वर मंदिर गया हुआ था। हादसे में घायल युवती की पहचान नेहा कुमारी (23 वर्ष) के रूप में हुई है, जो अररिया जिले के भटगामा निवासी मनोज यादव की पुत्री है। वहीं सौरव का दोस्त रिशु यादव (24 वर्ष), निवासी मलोधा गांव, जिला सहरसा, को भी चोटें आई हैं।
बताया जा रहा है कि सौरव, नेहा और रिशु तीनों रविवार की रात सिंहेश्वर मंदिर में रुके थे। सोमवार सुबह वे सिंहेश्वर से पूर्णिया की ओर बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान राजपुर गैमन इंडिया प्लांट के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जबरदस्त टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सौरव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दोनों साथी सड़क पर गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और भर्राही थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया, जबकि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान में जुट गई है और मामले की जांच की जा रही है।
إرسال تعليق