कोशी तक/सिंहेश्वर, मधेपुरा:- सिंहेश्वर थाना क्षेत्र से एक अत्यंत गंभीर एवं दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मां सरस्वती विसर्जन कार्यक्रम के दौरान उत्पन्न कथित विवाद में एक बीएससी नर्सिंग छात्र की बेरहमी से पिटाई किए जाने का मामला प्रकाश में आया है, जिसमें उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान चंद्र देव कुमार (उम्र लगभग 25 वर्ष) के रूप में हुई है, जो ग्राम इटहरी वार्ड नंबर–3, थाना सिंहेश्वर, जिला मधेपुरा का निवासी था।
मृतक के पिता दिगंबर शर्मा (उम्र लगभग 50 वर्ष) द्वारा सिंहेश्वर थाना को दिए गए लिखित आवेदन के अनुसार, दिनांक 25 जनवरी 2026 की संध्या लगभग 5 बजे सरस्वती विसर्जन कार्यक्रम के दौरान कुछ युवकों द्वारा उनके पुत्र की जेब टटोली जाने लगी। विरोध करने पर आरोपियों ने जबरन कोट-पैंट फाड़ दिया।
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि इंद्रजीत यादव द्वारा मृतक की गर्दन पकड़कर ज़मीन पर पटक दिया गया, जबकि अन्य आरोपियों ने बेल्ट, लोफर एवं थप्पड़ों से बेरहमी से मारपीट की। किसी तरह जान बचाकर भागे चंद्र देव कुमार द्वारा डायल-112 पर कॉल किया गया, परंतु परिजनों के अनुसार पुलिस तत्काल मौके पर नहीं पहुंची।
परिजनों का यह भी आरोप है कि पुलिस कॉल की जानकारी मिलने के बाद हमलावरों ने आधी रात को मृतक के घर पहुंचकर दोबारा जानलेवा हमला किया। इस दौरान चंद्र देव कुमार को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया तथा मामला दर्ज कराने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई।
घायल अवस्था में परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के पिता दिगंबर शर्मा ने बताया कि उनका परिवार अल्पसंख्यक बढ़ई समाज से संबंधित है। उन्होंने मामले में नामजद आरोपियों सहित दो अज्ञात युवकों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर सख़्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों एवं सामाजिक संगठनों द्वारा निष्पक्ष एवं त्वरित जांच, सभी आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी, पीड़ित परिवार को न्याय एवं मुआवजा की मांग की जा रही है।
मामले को लेकर पुलिस की भूमिका पर भी गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े हो रहे हैं। फिलहाल पुलिस की आधिकारिक प्रतिक्रिया एवं आगे की विधिसम्मत कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है। वही थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

إرسال تعليق