कोशी तक/सिंहेश्वर मधेपुरा:- सिंहेश्वर थाना क्षेत्र के सुखासन वार्ड नंबर 7 में देर रात चोरी की कोशिश का मामला सामने आया है। गृहस्वामी की सतर्कता से एक युवक को रंगे हाथ पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुखासन वार्ड नंबर 07 निवासी चंद्रशेखर कुमार (उम्र लगभग 27 वर्ष), पिता उमेश पासवान, ने सिंहेश्वर थाना में दिए गए लिखित आवेदन में बताया कि 26 जनवरी 2026 की रात वे टोटो रिक्शा चलाकर घर लौटे, खाना खाकर सो गए। रात करीब 11:30 बजे घर के पीछे कुछ युवकों की संदिग्ध गतिविधि दिखाई दी। शोर मचाने पर सभी युवक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
इसके बाद रात करीब 1:30 बजे फिर से घर के पीछे खट-खट की आवाज सुनाई दी। शक होने पर परिजनों ने चुपचाप घर को घेरकर तलाशी ली, जहां एक युवक टोटो रिक्शा के पास छिपा हुआ मिला। उसकी तलाशी लेने पर एक झोला बरामद हुआ, जिसमें दो दाबिया, लोहे काटने की मशीन, मशीन के दो ब्लेड, एक रेती, दो रिंच, एक साइकिल और बटन वाला सैमसंग मोबाइल फोन मिला। वहीं सड़क किनारे एक हीरो साइकिल भी खड़ी पाई गई।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम आशीष कुमार, पिता दुर्गा यादव, निवासी दुहेला वार्ड नंबर 09, थाना व जिला मधेपुरा बताया। उसने टोटो रिक्शा की बैटरी खोलने की नीयत से आने की बात स्वीकार की।
सूचना मिलने पर सिंहेश्वर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर उसके पास से बरामद सभी औजार, साइकिल और मोबाइल फोन को जब्त कर लिया।
इस संबंध में थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने बताया कि पकड़े गए युवक को जेल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है तथा मामले में विधिसम्मत कार्रवाई जारी है।

إرسال تعليق