मुरलीगंज में अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, पुलिस बल की मौजूदगी में सरकारी जमीन कराई गई खाली

 मुरलीगंज नगर पंचायत में अवैध अतिक्रमण हटाते जेसीबी अतिक्रमण हटाने पहुची अधिकारियों की टीम 


कोशी तक/मुरलीगंज मधेपुरा :- नगर पंचायत क्षेत्र में सोमवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाकर अवैध कब्जों पर सख्त कार्रवाई की गई। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में सड़क किनारे अवैध रूप से बनाई गई दुकानों पर बुलडोजर चलाकर सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।

यह अभियान नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी अजय कुमार एवं मुरलीगंज थानाध्यक्ष अजीत कुमार के नेतृत्व में चलाया गया। कार्रवाई सार्वजनिक दुर्गा स्थान चौक से शुरू होकर गौशाला चौक तक की गई, जहां सड़क की भूमि पर अतिक्रमण कर दुकानों का संचालन किया जा रहा था।

अभियान के दौरान कई अवैध ढांचों को हटाया गया, जिससे सड़क पर यातायात व्यवस्था सुचारू हो सकी। अचानक हुई इस कार्रवाई से दुकानदारों और अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया। हालांकि, छोटे दुकानदारों में इस अभियान को लेकर नाराजगी भी देखने को मिली।

दुकानदारों का कहना था कि पान, चाय, फल और सब्जी जैसी छोटी दुकानों पर ही प्रशासन सख्ती दिखाता है, जबकि गोल बाजार सहित अन्य स्थानों पर सरकारी जमीन पर बनी बड़ी और पक्की दुकानों पर कार्रवाई नहीं की जाती।

इस संबंध में नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी अजय कुमार ने बताया कि अतिक्रमण हटाने का अभियान पिछले दो महीनों से लगातार चलाया जा रहा है और आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन स्थायी मकानों और दुकानों द्वारा सरकारी जमीन पर कब्जा किया गया था, उन्हें पूर्व में नोटिस देकर जमीन खाली करने का निर्देश दिया गया था।

उन्होंने कहा कि अतिक्रमण हटाने का मुख्य उद्देश्य शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाना और आम लोगों को राहत देना है।

मुरलीगंज से अंशु भगत 

Post a Comment

और नया पुराने