जप्त जेसीबी के साथ वन विभाग के अधिकारी
कोशी तक/सिंहेश्वर मधेपुरा:- सिंहेश्वर प्रखंड क्षेत्र में झिटिकिया से मेडिकल कॉलेज जाने वाले मार्ग पर वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से कार्य में लगी एक जेसीबी मशीन को जब्त किया है। आरोप है कि उक्त जेसीबी द्वारा हाल ही में लगाए गए करीब 30 गेबियन (कटाव-रोधी संरचना) को क्षतिग्रस्त कर दिया गया, जिससे सरकारी योजना को भारी नुकसान पहुंचा है।
वन विभाग को गेबियन क्षति की सूचना मिलते ही विभागीय टीम तत्काल मौके पर पहुंची। टीम को देखते ही जेसीबी चालक मशीन लेकर फरार होने का प्रयास करने लगा। वन विभाग की टीम ने जेसीबी का पीछा किया, लेकिन चालक ब्लॉक कार्यालय के पास मशीन खड़ी कर मौके से फरार हो गया।
इसके बाद वन विभाग ने जेसीबी मशीन को जब्त कर लिया। इस संबंध में वन विभाग के फॉरेस्ट गार्ड ने सिंहेश्वर थाना में आवेदन देकर जेसीबी को वन विभाग को सौंपने की मांग की। आवेदन में सरकारी कार्य में बाधा डालने, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने तथा अवैध रूप से मशीन के उपयोग का आरोप लगाया गया है।
इस बाबत सिंहेश्वर थाना अध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने बताया कि वन विभाग के आवेदन के आधार पर जब्त जेसीबी को वन विभाग को सौंप दिया गया है। आगे की कार्रवाई वन विभाग द्वारा की जाएगी।
वहीं वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस बात की जांच की जा रही है कि जेसीबी किसके निर्देश पर और किस उद्देश्य से गेबियन संरचना को क्षतिग्रस्त किया गया। दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वन विभाग की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सरकारी योजनाओं और संरचनाओं को नुकसान पहुंचाने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
एक टिप्पणी भेजें