दुकानदारों को आश्वासन देते पुर्व राजद विधायक चंद्रहास चौपाल
कोशी तक/सिंहेश्वर मधेपुरा:- सिंहेश्वर मधेपुरा स्थित बाबा मंदिर के विकास के नाम पर महाबीर चौक, सिनेमा हॉल के पास बन रहे मार्केट कॉम्प्लेक्स को लेकर जबरदस्त बवाल खड़ा हो गया है। अतिक्रमण हटाने और दुकानों को जबरन खाली कराए जाने से दुकानदारों में भारी आक्रोश फैल गया है।
आक्रोशित दुकानदारों का कहना है कि मार्केट कॉम्प्लेक्स के लिए जितनी जमीन की आवश्यकता बताई जा रही है, उससे कहीं अधिक जमीन पहले से ही उपलब्ध है। इसके बावजूद वर्षों से दुकान चला रहे लोगों को हटाया जा रहा है, जो साफ तौर पर सवालों के घेरे में है।
दुकानदारों ने आरोप लगाया कि यदि दुकानें खाली करानी ही थीं, तो विश्व प्रसिद्ध महाशिवरात्रि मेला समाप्त होने के बाद यह कार्रवाई की जा सकती थी। मेले से ठीक पहले की गई कार्रवाई ने सैकड़ों परिवारों की रोज़ी-रोटी पर सीधा हमला किया है।
मौके पर पहुंचे पूर्व राजद विधायक चंद्रहास चौपाल ने मंदिर प्रशासन पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि स्थानीय लोग पूरे साल महाशिवरात्रि मेले का इंतजार करते हैं, ताकि उसी कमाई से घर-परिवार चला सकें, लेकिन मंदिर प्रशासन खुद जनता की आजीविका में रोड़ा बन गया है।
वहीं उप-प्रमुख मुकेश यादव ने भी सवाल उठाते हुए कहा कि महाशिवरात्रि मेला के बाद दुकान खाली कराने से क्या प्रशासन को कोई परेशानी होती?
मंदिर न्यास के पूर्व सदस्य धर्मनाथ ठाकुर ने और भी गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि मार्केट कॉम्प्लेक्स के लिए जरूरत से ज्यादा जमीन होने के बावजूद दुकानदारों को हटाया जा रहा है, ताकि बाद में दुकानों के आवंटन के नाम पर पैसे की उगाही की जा सके। उन्होंने साफ कहा कि जो दुकानदार वर्षों से यहां व्यापार कर रहे हैं, उन्हीं को नई दुकानों का हक मिलना चाहिए।
एक टिप्पणी भेजें