कोशी तक/सिंहेश्वर मधेपुरा:- सिंहेश्वर–पीपरा मुख्य मार्ग पर सोमवार दोपहर हुए एक भीषण सड़क हादसे में पिता और उनकी नाबालिग पुत्री की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनका एक पुत्र और एक अन्य पुत्री गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना सिंहेश्वर प्रखंड के कमरगामा ग्राम पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या 08 में पुलिस बैरियर के आगे हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज रफ्तार वेगनआर कार बीआर 01 बीजी 3761 ने ओवरटेक करने के दौरान आगे चल रहे ऑटो में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो और कार दोनों सड़क पर पलट गए। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई।
सड़क हादसा में घटनास्थल पर घायल के साथ परिजन
दुर्घटना में ऑटो सवार कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल जननायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, मधेपुरा पहुंचाया गया। इलाज के दौरान कमरगामा पंचायत निवासी पूर्व पंचायत समिति सदस्य अमरिका देवी के 40 वर्षीय पुत्र गौरीशंकर भगत एवं उनकी 15 वर्षीय पुत्री लक्ष्मी कुमारी की मौत हो गई।
वहीं गौरीशंकर भगत का 11 वर्षीय पुत्र ओमप्रकाश कुमार गंभीर रूप से घायल है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। उनकी 10 वर्षीय पुत्री छोटकी कुमारी का इलाज मेडिकल कॉलेज अस्पताल में जारी है।
इसके अलावा श्यामनगर वार्ड संख्या 18 निवासी निधि कुमारी (12 वर्ष), पिता शंकर कुमार तथा स्वीटी कुमारी, पिता संजय चौधरी भी इस हादसे में घायल हुई हैं। वही कार में सवार दो व्यक्ति में से एक का इलाज जेएनकेटी मेडिकल कालेज में चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही सिंहेश्वर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को जब्त कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही से ओवरटेक करना दुर्घटना का कारण बताया जा रहा है।
हादसे के कारण कुछ समय तक सड़क पर यातायात बाधित रहा। कमरगामा पंचायत के मुखिया जय कृष्ण शर्मा ने जेसीबी मशीन मंगवाकर सड़क से वाहनों को हटवाया, जिसके बाद आवागमन बहाल हुआ।
इस दर्दनाक हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को मुआवजा देने और इस मार्ग पर यातायात सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।

एक टिप्पणी भेजें