जेसीबी से दुर्घटनाग्रस्त कार को निकालते प्रशासन
कोशी तक/सिंहेश्वर मधेपुरा:- सिंहेश्वर–मधेपुरा रोड पर बीएन मंडल विश्वविद्यालय (बीएनएमयू) के पास तेज रफ्तार ने चार जिंदगियां छीन लीं। कार और हाइवा की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में कार सवार चारों युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
मृतकों में मधेपुरा के गुलजार बाग निवासी अशोक साह के पुत्र सोनू साह, मस्जिद चौक निवासी सुबोध साह के पुत्र साहिल राज, उदाकिशुनगंज थाना क्षेत्र के बराही आनंदपुरा निवासी साजन कुमार और भर्राही थाना क्षेत्र के धुरगांव निवासी रूपेश कुमार शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार चारों युवक जेएनकेटी मेडिकल कॉलेज से मरीज को देखकर कार से लौट रहे थे। इसी दौरान बीएनएमयू के पास कार तेज रफ्तार में लहराते हुए एक हाइवा की चपेट में आ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हाइवा लगभग 500 मीटर तक कार को घसीटते हुए ले गया।
घटना की सूचना मिलते ही मधेपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को सदर अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने सभी को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने कार और हाइवा को जब्त कर लिया है, जबकि फरार हाइवा चालक की तलाश जारी है।
एक टिप्पणी भेजें