कोसी पर बना विकास का सेतु: 25 करोड़ के पीपा पुल का उद्घाटन, एक लाख लोगों को मिलेगा सीधा लाभ;मधेपुरा–खगड़िया की दूरी घटी

 खगड़िया सीमा जोड़ने वाली पीपा पुल का उद्घाटन करते नरेंद्र नारायण 



कोशी तक/ मधेपुरा:- मधेपुरा एवं खगड़िया जिला की सीमा को जोड़ने वाली कोसी नदी पर बने पीपा पुल का उद्घाटन बिहार विधानसभा के उपाध्यक्ष नरेंद्र नारायण यादव एवं परबत्ता विधायक बाबूलाल शौर्य ने कपसिया घाट पर संयुक्त रूप से किया। इस पीपा पुल का निर्माण लगभग 25 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधानसभा उपाध्यक्ष नरेंद्र नारायण यादव ने कहा कि नीतीश सरकार राज्य के सभी क्षेत्रों में तेजी से विकास कार्य कर रही है। सड़कों और पुल-पुलियों का व्यापक जाल बिछाया जा रहा है, ताकि आम लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

उन्होंने कहा कि मधेपुरा और खगड़िया जिलों को जोड़ने वाला यह पीपा पुल कपसिया से खगड़िया के बीरवास तक बनाया गया है, जिससे दोनों जिलों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही उन्होंने इस स्थान पर स्थायी पुल निर्माण के लिए लगातार प्रयासरत रहने की बात कही।

उन्होंने बताया कि इस पीपा पुल के चालू हो जाने से करीब एक लाख से अधिक लोगों की आवागमन समस्या का समाधान होगा और क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक विकास को गति मिलेगी। इस पुल के माध्यम से एनएच 31 की दूरी मात्र 4 किलोमीटर रह जाएगी।

वहीं परबत्ता विधायक बाबूलाल शौर्य ने कहा कि इस स्थान पर पुल निर्माण की मांग पिछले दो दशकों से की जा रही थी। उन्होंने बताया कि इसके लिए उनके नेतृत्व में आमरण अनशन तक किया गया था।

उन्होंने कहा कि आज यह पीपा पुल क्षेत्र के लोगों के लिए मील का पत्थर साबित होगा और लंबे समय से चली आ रही मांग का परिणाम है।

समारोह की अध्यक्षता नीरज यादव ने की। मौके पर जदयू प्रखंड अध्यक्ष चंद्रशेखर आज़ाद, मनोज यादव, चंद्रशेखर चौधरी, राजेश्वर राय, वीरेंद्र सिंह, शिवशंकर सिंह, रामानंद सिंह, अमरेंद्र चंद्रवंशी, अरुण भगत, अजीत यादव सहित हजारों की संख्या में स्थानीय ग्रामीण व गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Post a Comment

أحدث أقدم