कोशी तक/ सिंहेश्वर मधेपुरा:- सिंहेश्वर थाना क्षेत्र अंतर्गत बेहरी पंचायत के बैरबन्ना में एक 6 वर्षीय मासूम की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। जानकारी अनुसार सोमवार को सिंहेश्वर पीपरा मार्ग एनएच-131 पर तेज रफ्तार बस जानकी ट्रेवल्स की लापरवाही ने एक 6 वर्षिय मासूम की जान ले ली। बस की चपेट में आने से बैरवन्ना वार्ड नंबर 8 निवासी मो. कारी का 6 वर्षीय पुत्र मो. दानिश की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव और आसपास में मातमी सन्नाटा पसर गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मो. दानिश अपने घर से एनएच-131 किनारे स्थित दुकान से सामान लेने जा रहा था। इसी दौरान पीपरा की ओर से आ रही जानकी ट्रैवल्स की बस तेज रफ्तार में दूसरे वाहन को ओवरटेक कर रही थी। ओवरटेक के क्रम में बस सड़क के बगल की ओर चली गई और सड़क किनारे पैदल जा रहे मासूम को चपेट में लेते हुए आगे बढ़ गई। बस का चक्का बच्चे के ऊपर चढ़ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।दिन के करीब दो बजे हुई इस हृदयविदारक घटना के बाद ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। गुस्साए लोगों ने दुर्गा चौक पर बस को घेर लिया और उसे वहीं से वापस घुमा कर गांव ले जाने की जिद पर अड़ गए। इस दौरान जानकी ट्रैवल्स की बस बीआर 19 एफ 9095 का शीशा भी तोड़ दिया गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने बैरबन्ना चौक को जाम कर दिया, जिससे एनएच-131 पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। सड़क दुर्घटना में मासूम की मौत के बाद उग्र हुए लोगों को उन्होंने काफी देर तक समझा-बुझाकर शांत कराया। बाद में बस को अपने कब्जे में लिया गया। थानाध्यक्ष श्री सिंह ने बताया कि ग्रामीणों को समझाकर जाम हटवाया जा रहा है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया चल रही है। करीब तीन घंटे तक सड़क जाम की स्थिति बनी रही।
स्थानीय लोगों का कहना है कि एनएच-106 नया 131 पर तेज रफ्तार और लापरवाही से ओवरटेक आम हो चुका है। आबादी वाले इलाकों में भी बस चालक बेखौफ होकर वाहन चलाते हैं, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं। मो. दानिश की मौत ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा व्यवस्था और यातायात नियंत्रण पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

إرسال تعليق