कोशी तक/ मुरलीगंज मधेपुरा:- मुरलीगंज पुलिस ने 5 लीटर बीयर के साथ शुक्रवार को दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवकों मे एक भाजपा नेता है जो भाजपा के अत्यंत पिछड़ा मोर्चा का जिलाध्यक्ष मनोज मंडल है। बता दें कि मनोज मंडल छातापुर विधायक नीरज कुमार उर्फ बबलू सिंह के काफी करीबी माने जा रहे हैं। गिरफ्तार किए गए दूसरे व्यक्ति की पहचान गौरव कुमार के रूप में हुई है, जो मनोज मंडल का सहयोगी है। दोनों जोरगामा वार्ड नंबर 3 के निवासी हैं।
पुलिस को शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे सूचना मिली थी कि मुरलीगंज नगर पंचायत मिडिल चौक वार्ड नंबर 12 के समीप एक बाइक पर दो व्यक्ति शराब के साथ घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की।
पुलिस को देखकर दोनों आरोपी भागने लगे, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से 500 मिलीलीटर की 10 बीयर की बोतलें कुल 5 लीटर शराब बरामद की गईं।
इस बाबत थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि दोनों आरोपियों को पांच लीटर बीयर के साथ गिरफ्तार किया गया है। जिसके विरूद्ध मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी की जा रही है।
मुरलीगंज से अंशु भगत


إرسال تعليق