कोशी तक/ कुमारखंड मधेपुरा:- मधेपुरा में होली की खरीदारी कर घर लौट रहे एक व्यक्ति की बाइक सवार अपराधियों ने गला रेत हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक की पहचान कुमारखंड थाना क्षेत्र के रानी पट्टी सुखासन पंचायत के वार्ड नंबर 14 निवासी 48 वर्षीय बुधु यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वे गुरुवार शाम करीब 6 बजे कुमारखंड बाजार से होली की खरीदारी और दवा लेकर साइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सुखासन हाट से आगे स्थित सामुदायिक भवन के पास बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी और शव को बांस बिट्टी में छोड़कर फरार हो गए। घटना की जांच में जुटी पुलिस
घटनास्थल पर बिखरे मृतक का समान
सूचना मिलते ही के बाद जांच के लिए पहुंची पुलिस।
आसपास के राहगीरों और ग्रामीणों ने शव देखकर शोर मचाया। घटना की सूचना मिलते ही मुखिया अनिल ऋषिदेव ने बेलारी थानाध्यक्ष राजू कुमार को सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। चूंकि हत्या कुमारखंड थाना क्षेत्र में हुई थी, इसलिए कुमारखंड पुलिस को भी मामले की जानकारी दी गई। घटनास्थल से एक अज्ञात बाइक भी बरामद हुई है।
किसी से नहीं थी दुश्मनी
स्थानीय लोगों के अनुसार बुधु यादव एक साधारण किसान थे और उनका किसी से कोई विवाद नहीं था। उनकी हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक के परिवार में उनकी पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा है। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं उनके घर पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोग हत्या के पीछे की वजह जानने को बेचैन हैं, क्योंकि मृतक की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और अपराधियों की तलाश जारी है।
कुमारखंड थानाध्यक्ष पंकज कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, मधेपुरा भेजा जा रहा है और मामले की जांच जारी है।