कोशी तक/ सिंहेश्वर मधेपुरा
सरकार ने बिहार के सभी आंगनबाड़ी केंद्र को धुंआ रहित करने का निर्णय लिया है। इसलिए लिए प्रखंड के करीब सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर दो गैस सिलेंडर और एक चूल्हा दिया जाना है। जबकि समाज कल्याण विभाग ने हर आंगनबाड़ी केंद्र के लिए दो गैस सिलेंडर के लिए 5017 रुपये व सिंगल बर्नर के चूल्हे के लिए 1483 रुपये का आवंटन दिया है। सिलेंडर और चूल्हा वितरण के बाद बच्चे व सेविका सहित सहायिका अब बिना धुंआ के खाना पका सकेंगे। इसी को लेकर बुधवार को प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित सीडीपीओ कार्यालय में सिलेंडर व चूल्हे का वितरण किया जाना था। लेकिन सरकार द्वारा जो चूल्हे का नमूना दिखाया गया था वो नहीं मिलने के कारण सेविकाओं ने चूल्हा लेने से मना कर दिया। सेविकाओं का कहना था कि उन्हें सिर्फ सिलेंडर दिया जाय । बाजार से अच्छे क्वालिटी का मजबूत चूल्हा उतनी ही राशि में खरीद लिया जाएगा। चूल्हे के लिए सरकार 1483 रूपया दे रही है और जो चूल्हा सेविकाओं को दिया जा रहा है बाजार में उसकी कीमत साढ़े 6 सौ से 8 सौ के करीब है। सीडीपीओ चंद्रकला कुमारी ने कहा की सरकार के मानक अनुसार जो चूल्हा है। वही चूल्हा सभी केंद्रों पर दिया जाएगा। वहीं कुछ सेविकाओं का कहना है कि वितरण करने लाए गए चूल्हा कमजोर था। और केंद्र पर बच्चे रहते हैं। अगर अच्छा चुल्हा नही दिया गया तो कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकता है। उन्होंने कहा चूल्हे की गुणवत्ता में संशोधन किया जाय तभी लेंगे। विरोध करने वालों में मुख्य रूप से विभा कुमारी प्रखंड अध्यक्ष, अर्चना गुप्ता, अनिता कुमारी, प्रियंका कुमारी, चंदा कुमारी, पूजा कुमारी सहित दर्जनों सेविका शामिल थी।