कोशी तक/ गम्हरिया,मधेपुरा
सूर्य उपासना एवं लोक आस्था का महापर्व छठ के मौके पर रविवार की शाम छठ व्रतियों ने अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को पहला अघ्र्य प्रदान किया। छठ पर्व मनाए जाने वाले घाट पर छठी मइया के गीत से माहौल बिल्कुल भक्तिमय हो गया। गम्हरिया प्रखंड मुख्यालय में लगभग एक दर्जन स्थानों पर निर्मित छोटे-बड़े स्थाई व अस्थाई घाट पर छठ महापर्व बड़े उत्साह एवं हर्षोल्लास पूर्ण वातावरण में भक्तिभाव से मनाया गया। गम्हरिया प्रखंड के लगभग सभी घाट पर गम्हरिया प्रखंड के जिला परिषद प्रतिनिधि डा. रविशंकर उर्फ पिंटू यादव, प्रखंड प्रमुख शशि कुमार, गम्हारिया पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि मनोज कुमार उर्फ मुरली भगत, पंचायत समिति रमेश कुमार, सरपंच अनिल सिंह सहित कई गणमान्य व्यक्ति छठ व्रतियों को शुभकामना दिया। इस अवसर पर जिला परिषद प्रतिनिधि डा. रविशंकर उर्फ पिंटू यादव ने कहा कि डूबते सूर्य को अर्घ्य देने से जीवन में आर्थिक, सामाजिक, मानसिक, शारीरिक रूप से होने वाली हर प्रकार की समस्याएं दूर होती है। उन्होंने आगे कहा कि अगले दिन उगते सूर्य को अर्घ्य देने से स्वास्थ्य बेहतर होता है जीवन में नाम और यश मिलता है। वहीं प्रखंड प्रमुख शशि कुमार ने कहा कि अगले दिन सुबह में उगते सूर्य को 1 घंटे के अंदर ही अघ्र्य दे देना चाहिए। कुछ बड़े-बड़े घाटों पर पुलिस प्रशासन एवम् समाजसेवी कमान को संभालते दिखे।
अरविंद कुमार प्रभाकर की रिपोर्ट