अवैध रेलवे रास्ता जेसीबी से बंद, ढाला निर्माण की मांग फिर उठी

रेलवे क्रासिंग के पास आवागमन का रास्ता बंद 


कोशी तक/मुरलीगंज, मधेपुरा:- जानकीनगर थाना क्षेत्र के तिनकोनमा गांव के समीप पूर्णिया-सहरसा रेलखंड पर रेलवे ट्रैक पार करने वाले अवैध रास्ते को मंगलवार को अधिकारियों की मौजूदगी में जेसीबी से पूरी तरह बंद करा दिया गया। रास्ता बंद होने के बाद स्थानीय लोगों के आवागमन की समस्या एक बार फिर सामने आ गई है।

बताया जाता है कि इसी स्थान पर रेलवे ढाला निर्माण की मांग को लेकर पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान ग्रामीणों ने मतदान बहिष्कार का ऐलान किया था। ग्रामीणों की मांग थी कि तिनकोनमा के समीप रेलवे ढाला का निर्माण कराया जाए। मतदान के दिन भी काफी देर तक लोग मतदान केंद्र नहीं पहुंचे थे। बाद में अधिकारियों के समझाने के बाद ग्रामीणों ने मतदान किया था।

हालांकि, चुनाव के बाद भी रेलवे ढाला निर्माण की मांग पूरी नहीं हो सकी। अब रेलवे विभाग की ओर से सुरक्षा के मद्देनजर ट्रैक पार करने वाले अवैध रास्ते को बंद करा दिया गया है। अधिकारियों के अनुसार, बिना अधिकृत रेलवे क्रॉसिंग के ट्रैक पार करना दुर्घटना का कारण बन सकता है।

रास्ता बंद होने के बाद स्थानीय लोगों के सामने सुरक्षित आवागमन की समस्या खड़ी हो गई है। ग्रामीणों ने मांग की है कि रेलवे ढाला अथवा वैकल्पिक सुरक्षित मार्ग की व्यवस्था कर उनकी वर्षों पुरानी समस्या का स्थायी समाधान कराया जाए।

मुरलीगंज से अंशु भगत 

Post a Comment

और नया पुराने