बीएओ ने पैक्स अध्यक्षों को दी सख्त हिदायत, किसानों की जमीन ऑनलाइन कराने में नहीं बरतें लापरवाही

फार्मर रजिस्ट्री नहीं तो रुक सकता है कृषि योजनाओं का लाभ




कोशी तक/सिंहेश्वर मधेपुरा:- किसानों को सरकारी कृषि योजनाओं से जोड़ने और फार्मर रजिस्ट्री का दायरा बढ़ाने को लेकर सिंहेश्वर के कृषि सभा भवन में बैठक आयोजित की गई। बीएओ सुभम कुमार की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में पैक्स अध्यक्षों, कृषि समन्वयकों और कृषि सलाहकारों को किसानों के बीच जागरूकता अभियान चलाकर अधिक से अधिक फार्मर रजिस्ट्री कराने का निर्देश दिया गया।

बैठक में बीएओ सुभम कुमार ने स्पष्ट किया कि फार्मर रजिस्ट्री किसानों के लिए आने वाले समय में बेहद महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने कहा कि किसानों के नाम से जमाबंदी होना और जमीन की रसीद ऑनलाइन होना आवश्यक है। जिन किसानों की जमाबंदी में किसी प्रकार की त्रुटि या समस्या है, वे परिमार्जन के लिए आवेदन करें। ऑनलाइन प्रक्रिया में परेशानी आने पर संबंधित विभाग से समन्वय कर समस्या का समाधान कराया जाएगा।

बीएओ ने कहा कि किसानों की जमीन को ऑनलाइन कराने में किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने पैक्स अध्यक्षों को निर्देश देते हुए कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्र के किसानों को फार्मर रजिस्ट्री के प्रति जागरूक करें और अधिक से अधिक किसानों की रजिस्ट्री सुनिश्चित कराएं। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में फार्मर रजिस्ट्री नहीं कराने वाले किसान खाद सहित कृषि विभाग की विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित हो सकते हैं।

उन्होंने किसानों से अपील की कि वे अंतिम समय का इंतजार नहीं करें और अपनी जमीन से संबंधित रिकॉर्ड को दुरुस्त कराकर जल्द से जल्द फार्मर रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी करें।

कृषि योजनाओं में सहकारिता निभाएगी सहयोगी भूमिका

प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी दिनेश कुमार यादव ने कहा कि कृषि से जुड़ी अधिकांश योजनाएं कृषि विभाग के माध्यम से संचालित होती हैं। इन योजनाओं के क्रियान्वयन में सहकारिता विभाग और पैक्स किसानों को आवश्यक सहयोग प्रदान करते हैं।

वहीं कृषि समन्वयक रजनीश सिंह ने कहा कि किसानों के लिए जमीन को ऑनलाइन कराना जरूरी है। उन्होंने पैक्स प्रतिनिधियों और कृषि कर्मियों से किसानों को प्रक्रिया की जानकारी देने तथा उनकी समस्याओं के समाधान में सहयोग करने की अपील की।

बैठक में व्यापार मंडल अध्यक्ष शिवचंद्र चौधरी, लालपुर सरोपट्टी पैक्स अध्यक्ष बृजभूषण चौधरी, अरविंद चौधरी, मुकेश गुप्ता, चंदन कुमार, कृषि सलाहकार मनोज कुमार, पंकज गुप्ता, अश्वनी पाठक, ललन कुमार, प्रदीप कुमार, प्रियंका कुमारी, मृत्युंजय कुमार, शिवशंकर सुमन, प्रवीण कुमार, जगदेव पंडित, ओमप्रकाश चौधरी सहित अन्य मौजूद रहे।

Post a Comment

أحدث أقدم