पिता अजय यादव को जीत का प्रमाण पत्र देते बीडीओ
सब्जी विक्रेता प्राथमिक सहयोग के सदस्य मतदान करते
कोशी तक/सिंहेश्वर मधेपुरा:- सिंहेश्वर प्रखंड प्राथमिक सब्जी उत्पादक सहकारी समिति लिमिटेड के चुनाव में बुधवार को दिलचस्प मुकाबला देखने को मिला। अध्यक्ष पद पर पिता और पुत्र आमने-सामने थे, जिसमें गौरीपुर पैक्स अध्यक्ष अजय यादव ने अपने पुत्र बलराम यादव को 15 मतों से पराजित कर अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की।
सिंहेश्वर प्रखंड सभा भवन में सुबह सात बजे से मतदान शुरू हुआ। समिति के कुल 204 मतदाताओं में से 187 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। शाम 4:30 बजे मतदान समाप्त होने के बाद चुनाव पर्यवेक्षक मुकेश कुमार यादव की उपस्थिति में मतपत्रों की गिनती शुरू की गई।
अध्यक्ष पद के परिणाम में अजय यादव को 97 मत, जबकि उनके पुत्र बलराम यादव को 82 मत प्राप्त हुए। इस तरह अजय यादव ने 15 मतों से जीत दर्ज की।
वहीं उपाध्यक्ष पद पर मंजू देवी और संता देवी के बीच मुकाबला हुआ। इसमें मंजू देवी ने संता देवी को छह मतों से हराया। मंजू देवी को 88 और संता देवी को 82 मत प्राप्त हुए।
सचिव पद पर द्रोपदी देवी और नवीन ठाकुर के बीच मुकाबला हुआ। इसमें द्रोपदी देवी ने 25 मतों के अंतर से जीत दर्ज की। द्रोपदी देवी को 98, जबकि नवीन ठाकुर को 73 मत मिले।
इसके अलावा समिति के नौ सदस्य पदों के लिए 17 उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे। इनमें गायत्री कुमारी, छेदी पंडित, जयप्रकाश यादव, जितना देवी, धीरज कुमार, पृथ्वी राम, बाबुल कुमार, मनीषा देवी, मदन कुमार, रंजीत कुमार, रिंकू कुमार यादव, बीना देवी, शंकर रजक, संतोष कुमार सुमन, सतीश कुमार, सुबोध कुमार और सूरज कुमार शामिल थे। सदस्य पदों के मतों की गणना जारी थी।
चुनाव परिणाम को लेकर सभा भवन परिसर में दिनभर उम्मीदवारों और समर्थकों की भीड़ जुटी रही। अध्यक्ष पद पर पिता द्वारा पुत्र को हराए जाने का परिणाम क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा।
إرسال تعليق