
गणेश महोत्सव का समापन, ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयघोष से गूंजा सिंहेश्वर
कोशी तक/सिंहेश्वर मधेपुरा:- बारिश की रिमझिम फुहारों के बीच शुक्रवार को बाबा नगरी सिंहेश्वर में भक्ति और भावुकता का अद्भुत संगम देखने को मिला। राम-जानकी ठाकुरबाड़ी में 12 दिनों से चल रहे गणेश महोत्सव के समापन पर प्रथम पूज्य भगवान श्री गणेश की भव्य विसर्जन शोभायात्रा निकाली गई। ‘गणपति बप्पा मोरया, के जयघोष से पूरा नगर गूंज उठा। भक्तों ने नम आंखों से गणपति बप्पा को विदाई दी।
राम-जानकी ठाकुरबाड़ी से भगवान गणेश के साथ माता रिद्धि-सिद्धि की प्रतिमाओं को आकर्षक ढंग से सजाए गए वाहन पर विराजमान कर शोभायात्रा निकाली गई। बारिश की फुहारों के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ। जैसे ही गणपति बप्पा की विशाल प्रतिमा नगर भ्रमण के लिए निकली, हजारों श्रद्धालु शोभायात्रा में शामिल हो गए। भक्त नाचते-गाते और ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारे लगाते हुए सुखासन धार की ओर बढ़ते रहे।
बारिश के बीच अबीर-गुलाल से सराबोर हुए श्रद्धालुओं की भक्ति देखते ही बन रही थी। कहीं ढोल-नगाड़ों की गूंज थी तो कहीं गणपति के जयकारों के बीच श्रद्धालु भाव-विभोर नजर आए। पूरे रास्ते श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। विदाई के क्षण में कई श्रद्धालुओं की आंखें नम हो गईं।
तार के जाल को टोका से उपर उठाते श्रद्धालु
विशाल प्रतिमा के कारण सतर्क रहा बिजली विभाग।
भगवान गणेश की विशाल प्रतिमा के कारण शोभायात्रा के मार्ग में कई स्थानों पर ढीले बिजली के तारों को सूखे बांस के फ्रेम की सहायता से ऊपर उठाकर रास्ता बनाया गया। सुरक्षा के मद्देनजर बिजली विभाग द्वारा शोभायात्रा के दौरान विद्युत आपूर्ति भी बंद रखी गई। इससे श्रद्धालुओं और शोभायात्रा में शामिल लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की गई।
सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद रही पुलिस।
शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सिंहेश्वर थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह दलबल के साथ मौजूद रहे। पुलिसकर्मी पूरे मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था संभालते नजर आए। बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं की भीड़ को व्यवस्थित रखने के लिए पूजा समिति के स्वयंसेवक भी सक्रिय रहे।
गणेश जी की विदाई में सुरक्षा व्यवस्था रही सुदृढ़
गणपति बप्पा की भावुक विदाई में शामिल श्रद्धालु
शोभायात्रा में राम-जानकी ठाकुरबाड़ी के कोषाध्यक्ष सह अध्यक्ष अरविंद प्राण सुखका, व्यापार मंडल सह सुखासन पैक्स अध्यक्ष शिवचंद्र चौधरी, सरोज कुमार सिंह, गणेश पूजा समिति के संरक्षक सुभाष राम, अध्यक्ष राकेश रमानी, उपाध्यक्ष संतोष चौधरी, महासचिव प्रधान कुमार भारती, सचिव रामाशीष कुमार, कोषाध्यक्ष चंदन कुमार साह, उपकोषाध्यक्ष अमित कुमार साह, व्यवस्थापक कैलाश रमानी, सह व्यवस्थापक मनोज कुमार भास्कर, वकील राम, पंडाल प्रभारी अमित कुमार भगत तथा स्वैप पंडाल प्रभारी गोपाल भगत सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और समिति के सदस्य मौजूद रहे।
इसी के साथ 12 दिनों से चल रहा गणेश महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के बीच संपन्न हो गया। विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं ने अगले वर्ष फिर से गणपति बप्पा के आगमन की कामना करते हुए भावपूर्ण विदाई दी।
إرسال تعليق