बारिश की फुहारों के बीच गूंजा वंदे मातरम्। माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर सामूहिक रूप से गाया राष्ट्रीय गीत, बच्चों में बांटे चॉकलेट-बिस्कुट

मंदिर परिसर में सरस्वती शिशु मंदिर के बच्चों ने गाया वंदेमातरम गीत 


कोशी तक/सिंहेश्वर मधेपुरा:- अनंत चतुर्दशी के पावन अवसर पर शुक्रवार को बाबा सिंहेश्वर मंदिर परिसर में देशभक्ति और आस्था का अनूठा संगम देखने को मिला। लोक शिक्षा समिति के निर्देश पर हेमलता सरस्वती शिशु मंदिर के छात्रों, विद्यालय के सदस्यों एवं सिंहेश्वर मंदिर न्यास समिति के सदस्यों ने भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर सामूहिक रूप से राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया।

कार्यक्रम के दौरान जैसे ही वंदे मातरम् की स्वर लहरियां गूंजनी शुरू हुईं, अचानक बारिश की फुहारें भी पड़ने लगीं। इसके बावजूद छात्रों, शिक्षकों एवं न्यास समिति के सदस्यों का उत्साह कम नहीं हुआ। सभी लोग बारिश के बीच पूरे अनुशासन और श्रद्धा के साथ वंदे मातरम् का गायन पूरा होने तक वहीं डटे रहे। बारिश की बूंदों के बीच एक साथ गूंजता राष्ट्रगीत का स्वर कार्यक्रम को भावपूर्ण बना रहा था। उपस्थित लोगों के लिए यह दृश्य आकर्षण और देशभक्ति की भावना से भर देने वाला रहा।

राष्ट्रगीत के समापन के बाद विद्यालय के छात्रों के बीच चॉकलेट और बिस्कुट का वितरण किया गया। इससे बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम में सरस्वती शिशु मंदिर के अध्यक्ष विजय कुमार सिंह, प्रधानाचार्य जयशंकर मिश्रा, आचार्य नुतन कुमारी, सोनाली कुमारी, बद्री राम, अनुज कुमार सिंह, भाजपा नगर अध्यक्ष विष्णु शर्मा, विनोद सरदार, राजा साह, संजीव ठाकुर, वेदानंद ठाकुर, न्यास समिति के कोषाध्यक्ष दिलीप खंडेलवाल, न्यास सदस्य अमरनाथ ठाकुर उर्फ लाल बाबा, हरेंद्र मंडल, रौशन ठाकुर, प्रबंधक भवेश कुमार, श्रवण कुमार सहित विद्यालय एवं न्यास समिति के कई सदस्य मौजूद रहे।

Post a Comment

और नया पुराने