
गणेश महोत्सव में महाभोग के पुजा में उमड़ी भीड़
कोशी तक/सिंहेश्वर मधेपुरा:- राम-जानकी ठाकुरबाड़ी सिंहेश्वर में लगातार 16 वर्षों से आयोजित हो रहा गणेश महोत्सव श्रद्धा और आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। महोत्सव के 11वें दिन गुरुवार को अष्टमी के अवसर पर आयोजित महाप्रसाद में 56 प्रकार के व्यंजनों से भगवान गणेश को महाभोग लगाया गया। दिनभर रुक-रुककर हो रही बारिश के बावजूद महाप्रसाद का प्रसाद ग्रहण करने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।
हर वर्ष की परंपरा के अनुसार स्व. सिद्धनाथ साह के पुत्रों की ओर से महाभोग लगाया गया। रात करीब आठ बजे शुरू हुई पूजा में सुबोध गुप्ता व कंचन देवी, मनोज गुप्ता व सावित्री देवी, शशिनाथ गुप्ता व मीरा देवी तथा संजय गुप्ता व नीतू देवी ने भाग लिया। पुरोहित पंडित शांतिनाथ झा ने विधि-विधान से पूजा संपन्न कराई। 56 प्रकार के व्यंजनों से तैयार महाभोग भगवान गणेश को अर्पित किया गया, जिसके बाद श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण हुआ।
महाप्रसाद के स्वाद की रही चर्चा
महाभोग और महाप्रसाद को लेकर गणेश महोत्सव स्थल पर पूरे दिन श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। महिलाओं और बच्चों की संख्या विशेष रूप से अधिक रही। भक्तों ने श्रद्धा के साथ भगवान गणेश के दर्शन किए और महाप्रसाद का आनंद लिया। महाभोग की विशेषता और प्रसाद के स्वाद की चर्चा श्रद्धालुओं के बीच होती रही।
महाभोग की पूजा देर तक चलने के कारण गुरुवार को संध्या आरती भी रात करीब नौ बजे हुई। आरती के दौरान कुछ देर के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम को रोक दिया गया। बारिश के कारण मेले में लगी दुकानों पर भी असर पड़ा और दुकानदार बिक्री को लेकर चिंतित दिखे। इसके बावजूद श्रद्धालुओं की भीड़ में कमी नहीं आई।
बच्चों की प्रस्तुतियों ने बांधा समां
गणेश महोत्सव में शाम सात बजे सुजीत क्लासिक सेंटर की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। स्थानीय स्कूली बच्चों ने राष्ट्रीय गीतों, आधुनिक गीतों, भक्ति गीतों और घोस्ट डांस की प्रस्तुतियां देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बच्चों की प्रस्तुतियों को दर्शकों ने खूब सराहा। भक्ति गीतों के साथ आधुनिक प्रस्तुतियों का संगम कार्यक्रम का खास आकर्षण रहा।
कार्यक्रम का उद्घाटन नगर पंचायत अध्यक्ष पूनम देवी ने किया। प्रस्तुति देने वाले बच्चों ने अपनी प्रतिभा से दर्शकों को यह संदेश दिया कि स्थानीय प्रतिभाएं भी किसी से कम नहीं हैं।
ये रहे मौजूद
मौके पर व्यापार मंडल अध्यक्ष शिवचंद्र चौधरी, राम-जानकी ठाकुरबाड़ी के कोषाध्यक्ष अरविंद प्राण सुखका, पूर्व सरपंच राजीव कुमार बबलू, महेश गुप्ता, चंदन रमानी, गणेश पूजा समिति के संरक्षक सुभाष राम, अध्यक्ष राकेश रमानी, उपाध्यक्ष संतोष चौधरी, महासचिव प्रधान भारती, सचिव रामाशीष कुमार, कोषाध्यक्ष चंदन साह, उप कोषाध्यक्ष अमित साह, व्यवस्थापक कैलाश रमानी, सह व्यवस्थापक प्रदीप राम, कार्यालय प्रभारी राजेश पौदार, सह कार्यालय प्रभारी ईश्वर कुमार, सूचना प्रभारी सुमित वर्मा, सह सूचना प्रभारी बबलू कुमार, पंडाल प्रभारी अमित कुमार भगत, सहायक पंडाल प्रभारी गोपाल भगत, ऋतिक कुमार, कार्तिक कुमार, मूर्तिकार अक्षय आकाश सहित हजारों श्रद्धालु मौजूद रहे।
एक टिप्पणी भेजें