कोशी तक/मधेपुरा:- सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आईसीडीएस, मधेपुरा द्वारा जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर ‘आंगन मिलन’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों, अभिभावकों एवं समुदाय को पोषण, स्वास्थ्य, टीकाकरण, पूर्व-प्राथमिक शिक्षा तथा महिला एवं बाल कल्याण से संबंधित सेवाओं एवं योजनाओं से जोड़ते हुए आंगनबाड़ी केंद्रों को जनभागीदारी एवं जागरूकता का प्रभावी मंच बनाना रहा।
कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी सेविकाओं द्वारा स्कूल पूर्व शिक्षा प्राप्त कर रहे बच्चों का आत्मीय स्वागत किया गया। बच्चों के माता-पिता एवं अभिभावकों को आमंत्रित कर बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, स्वच्छता, टीकाकरण एवं समग्र विकास से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। लाभुक माताओं द्वारा विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं से अपने जीवन में आए सकारात्मक बदलावों के अनुभव भी साझा किए गए।
इस अवसर पर आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका एवं आशा कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया। एएनएम एवं आशा कार्यकर्ताओं के सहयोग से स्थानीय एवं सरल बोलचाल की भाषा में पोषण, स्वास्थ्य, टीकाकरण तथा महिला एवं बाल कल्याण योजनाओं के संबंध में अभिभावकों एवं समुदाय को जागरूक किया गया।
रुपौली पंचायत में जिला प्रोग्राम पदाधिकारी ने लिया भाग
इसी क्रम में बाल विकास परियोजना, सिंहेश्वर अंतर्गत रुपौली पंचायत के वार्ड नंबर-1 में आयोजित आंगन मिलन कार्यक्रम में जिला प्रोग्राम पदाधिकारी सीमा कुमारी ने भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने सेविका, सहायिका एवं आशा कार्यकर्ता को सम्मान-पत्र तथा उपस्थित लाभुकों के बीच आभार-पत्र वितरित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला प्रोग्राम पदाधिकारी सीमा कुमारी ने कहा कि “आंगन मिलन केवल एक बैठक नहीं, बल्कि बच्चों एवं परिवारों के बेहतर स्वास्थ्य, पोषण और समग्र विकास के लिए सामूहिक प्रयास का अवसर है।” उन्होंने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। स्वस्थ, सुपोषित एवं संस्कारवान बच्चों के निर्माण से ही स्वस्थ एवं सशक्त समाज का निर्माण संभव है। इसी उद्देश्य से समेकित बाल विकास सेवाओं के माध्यम से बच्चों, गर्भवती महिलाओं एवं धात्री माताओं के लिए विभिन्न सेवाएं आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही हैं।
बाल विकास परियोजना पदाधिकारी चंद्रकला कुमारी ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के जीवन की पहली पाठशाला है, जहां उन्हें खेल-खेल में सीखने, बोलने, समझने तथा सामाजिक व्यवहार विकसित करने का अवसर मिलता है।
जिला समन्वयक अंशु कुमारी ने बताया कि निदेशालय द्वारा उपलब्ध कराए गए लिंक पर जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में आयोजित आंगन मिलन कार्यक्रम की गतिविधियों को अपलोड किया जा रहा है।
कार्यक्रम में लैंगिक विशेषज्ञ राजेश कुमार, महिला पर्यवेक्षिका सोनी भारती, सेविका विभा देवी, आशा कार्यकर्ता रिंकू देवी सहित बड़ी संख्या में लाभुक एवं स्थानीय समुदाय के लोग उपस्थित रहे।
जनहित में उपयोगी संदेश
बच्चों के बेहतर पोषण, स्वास्थ्य एवं प्रारंभिक शिक्षा के लिए अपने निकटतम आंगनबाड़ी केंद्र से जुड़ें और उपलब्ध सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ उठाएं।
मुरलीगंज से अंशु भगत

एक टिप्पणी भेजें