वरिष्ठ नागरिकों ने नम आंखों से दी प्रो. भरत चंद भगत को श्रद्धांजलि ‘उनका विचार, मार्गदर्शन और सामाजिक योगदान आने वाली पीढ़ियों को करता रहेगा प्रेरित’

प्रो. भरत चंद भगत को श्रद्धांजली देते वरिष्ठ नागरिक 


कोशी तक /सिंहेश्वर मधेपुरा:- वरिष्ठ नागरिक सेवा संगठन, सिंहेश्वर की ओर से बुधवार देर शाम राम जानकी ठाकुरवाड़ी परिसर में संगठन के संस्थापक सह सचिव प्रो. भरत चंद भगत के निधन पर शोक सभा आयोजित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। उनके निधन से मर्माहत लोगों ने उनके व्यक्तित्व और समाज के प्रति उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका जाना सामाजिक एवं शैक्षणिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति है।

शोक सभा की अध्यक्षता वरिष्ठ नागरिक सेवा संगठन के अध्यक्ष ललितेश्वर भगत ‘ललन’ ने की। इस दौरान उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

सभा को संबोधित करते हुए वरिष्ठ नागरिक संगठन के प्रो. रामचंद्र मंडल ने कहा कि स्वर्गीय भरत चंद भगत जन्म और कर्म दोनों से महान व्यक्तित्व के धनी थे। उनके विचारों में समाज के प्रति गहरी संवेदना और सकारात्मक सोच दिखाई देती थी।

ललित धर्मशाला न्यास समिति के सचिव अशोक भगत ने कहा कि प्रो. भरत चंद भगत का विचार, मार्गदर्शन और जीवन-दर्शन आने वाली पीढ़ियों को हमेशा प्रेरणा देता रहेगा। उन्होंने कहा कि समाज के लिए उनके द्वारा किए गए कार्य लंबे समय तक याद किए जाएंगे।

वरिष्ठ नागरिक सेवा संगठन के अध्यक्ष ललितेश्वर भगत ‘ललन’ ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण के साथ-साथ सामाजिक क्षेत्र में प्रो. भरत चंद भगत का योगदान अविस्मरणीय है। उन्होंने अपने जीवन में समाज को जोड़ने और लोगों को सकारात्मक दिशा देने का निरंतर प्रयास किया।

प्रो. आलोक कुमार ने कहा कि उनके व्यक्तित्व में शैक्षणिक प्रतिभा, सामाजिक सरोकार और सरलता का अद्भुत समावेश था। वहीं राम जानकी ठाकुरवाड़ी के सचिव सुदेश शर्मा ने कहा कि स्वर्गीय भरत चंद भगत ने समाज कल्याण के साथ-साथ श्री राम जानकी मंदिर के नव निर्माण में भी एक सच्चे मार्गदर्शक की भूमिका निभाई। उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।

शोक सभा में डॉ. मणिभूषण वर्मा, रामचंद्र साह, शिवनारायण साह, अशोक कुमार मेहता, भूपेंद्र प्रसाद यादव, काशी प्रसाद चौधरी, राजेंद्र प्रसाद यादव, शैलेंद्र पोद्दार, अरविंद कुमार प्राण सुखका, जयनारायण पंडित, जगन्नाथ साह, बाबा गंगा दास, अरूण भगत, पवन भगत, रामकुमार भगत, कैलाश भगत, सुभाष भगत, सुरेश भगत, संजय भगत, नरेश भगत, लल्लू भगत,  सहित अन्य लोगों ने अपने विचार व्यक्त कर स्वर्गीय प्रो. भरत चंद भगत को श्रद्धांजलि दी।

अंत में उपस्थित लोगों ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने तथा शोकाकुल परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

Post a Comment

और नया पुराने