कांवरियों के सैलाब के बीच सेवा भाव की मिसाल बने स्वयंसेवी संगठन

कांवड़ियों के सैलाब के बीच सेवा भाव की मिसाल बने श्रृंगी फाउंडेशन


कोशी तक/सिंहेश्वर मधेपुरा:- उमस और भीषण गर्मी के बावजूद बाबा नगरी सिंहेश्वर में कांवरियों और श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ता रहा। इस बीच विभिन्न स्वयंसेवी संगठनों के सदस्यों ने सेवा भाव की मिसाल पेश करते हुए श्रद्धालुओं की सेवा में पूरी तत्परता से जुटे रहे। कोई श्रद्धालुओं को कतारबद्ध कर जलाभिषेक कराने में सहयोग करता दिखा तो कोई शर्बत, भोजन और चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराने में लगा रहा।

युवा संघ के सदस्य मंदिर के गर्भगृह तक श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से पहुंचाने और सुचारू रूप से जलाभिषेक कराने में जुटे रहे। वहीं, श्रृंगीऋषि सेवा फाउंडेशन के सदस्यों ने महादेवपुर घाट से गंगाजल लेकर बाबा सिंहेश्वर नाथ का जलाभिषेक करने पहुंचे डाक बम, कांवरियों और अन्य श्रद्धालुओं की सेवा में तन-मन से जुटे रहे।

सेवा शिविर में गर्मी और लंबी यात्रा के कारण थकान व चोट से परेशान श्रद्धालुओं के लिए मालिश और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था की गई। फाउंडेशन के सदस्यों के अनुसार, 50 से अधिक घायल एवं सैकड़ों अस्वस्थ श्रद्धालुओं को शिविर में लाकर उपचार और मालिश की सुविधा दी गई। वहीं, दो श्रद्धालुओं की स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जेएनकेटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा गया।

घंटों उमस और गर्मी के बीच कतार में खड़े श्रद्धालुओं को राहत देने के लिए स्वयंसेवकों ने शुद्ध नींबू का शर्बत भी वितरित किया। साथ ही मालिश कर श्रद्धालुओं को राहत पहुंचाई। तपती गर्मी में शर्बत मिलने पर श्रद्धालुओं ने राहत की सांस ली। पूरे सेवा शिविर में सेवा, सहयोग और श्रद्धा का अनूठा संगम देखने को मिला।

इसी क्रम में नया सवेरा फाउंडेशन की ओर से प्रतिमा सिंह धर्मशाला के सामने महाभंडारे का आयोजन किया गया। इसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं को भोजन कराया गया। वहीं, अन्नपूर्णा रसोई की ओर से खिचड़ी महाप्रसाद का आयोजन किया गया, जिसका श्रद्धालुओं ने प्रसाद के रूप में आनंद लिया।

बाबा नगरी में उमड़ी भीड़ के बीच स्वयंसेवी संगठनों की ओर से की जा रही सेवा ने श्रद्धालुओं को काफी राहत पहुंचाई। गर्मी और उमस की चुनौती के बीच सेवा में जुटे स्वयंसेवकों का समर्पण श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा।

Post a Comment

और नया पुराने