बीपी मंडल इंजीनियरिंग कॉलेज में एंटी रैगिंग सप्ताह का आयोजन

बीपी मंडल इन्जिनियरिंग कालेज में एंटी रैगिंग सप्ताह का आयोजन 


कोशी तक/सिंहेश्वर मधेपुरा:- बीपी मंडल इंजीनियरिंग कॉलेज, मधेपुरा में 12 से 18 अगस्त तक एंटी रैगिंग सप्ताह का आयोजन किया गया। इस दौरान नव नामांकित सहित सभी छात्र-छात्राओं को रैगिंग की रोकथाम, इसके दुष्परिणाम तथा रैगिंग किए जाने पर लागू कानूनी प्रावधान एवं दंडात्मक कार्रवाई की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को कॉलेज परिसर में सौहार्दपूर्ण, सुरक्षित एवं सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने की शपथ भी दिलाई गई।

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. अरबिंद कुमार अमर ने कहा कि रैगिंग एक सामाजिक एवं कानूनी अपराध है। महाविद्यालय में रैगिंग के प्रति शून्य सहनशीलता की नीति अपनाई गई है। उन्होंने विद्यार्थियों से सम्मान, अनुशासन और भाईचारे की भावना के साथ कॉलेज का वातावरण सकारात्मक बनाए रखने की अपील की।

एंटी रैगिंग नोडल पदाधिकारी डॉ. शोभनाथ राय ने विद्यार्थियों को यूजीसी एवं शासन के दिशा-निर्देशों, शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया तथा दोषी पाए जाने पर होने वाली अनुशासनात्मक एवं कानूनी कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की रैगिंग की सूचना मिलने पर तत्काल और सख्त कार्रवाई की जाएगी।

जनसंपर्क पदाधिकारी प्रो. उत्तम कुमार ने बताया कि एंटी रैगिंग सप्ताह का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाना, आपसी सहयोग एवं सम्मान की भावना विकसित करना तथा नवप्रवेशी छात्रों को भयमुक्त शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय प्रशासन रैगिंग मुक्त परिसर के निर्माण में सभी विद्यार्थियों से सक्रिय सहयोग की अपेक्षा करता है।

Post a Comment

और नया पुराने