
सीएचसी सिंहेश्वर में डीएम का औचक निरीक्षण
कोशी तक/सिंहेश्वर मधेपुरा:- जिलाधिकारी अभिषेक रंजन ने बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सिंहेश्वर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल के लेबर रूम, स्टोर रूम, ओपीडी और दवा भंडार का जायजा लिया। डीएम ने मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी लेते हुए अस्पताल में साफ-सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने लेबर रूम में रेफरल मरीजों की स्थिति और रेफरल से संबंधित जानकारी ली। अस्पताल परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। मरीजों के बेड पर गंदगी पाए जाने पर उन्होंने संबंधित कर्मियों को फटकार लगाते हुए व्यवस्था में तत्काल सुधार लाने का निर्देश दिया।
इसके बाद डीएम ने अस्पताल के स्टोर रूम का निरीक्षण किया। स्टोर रूम की स्थिति देखकर उन्होंने इसे दूसरे स्थान पर स्थानांतरित करने की बात कही। इस पर अस्पताल के बीएचएम पियूष कुमार ने बताया कि ऊपर एनआरसी का संचालन होता था, लेकिन छत से पानी टपकने के कारण वहां स्टोर रखना उचित नहीं है। उन्होंने बताया कि स्टोर के पीछे बने क्वार्टरों को डिमोलिशन के लिए कहा गया है। वहां नए भवन का निर्माण होने के बाद अस्पताल को बेहतर सुविधा मिल सकेगी।
डीएम ने स्टोर में उपलब्ध दवाओं के स्टॉक की जानकारी ली। बताया गया कि कुल 291 प्रकार की दवाओं में से 254 प्रकार की दवाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने अति आवश्यक दवाओं की उपलब्धता की भी जानकारी ली और मरीजों को आवश्यक दवाएं समय पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
डीएम ने ओपीडी का भी निरीक्षण किया और वहां मरीजों की संख्या तथा उन्हें मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। ओपीडी में मौजूद चिकित्सक डॉ. एसएन यादव से मरीजों की स्थिति के बारे में जानकारी लेने के बाद डीएम ने मरीजों से भी बातचीत की। उन्होंने पूछा कि अस्पताल में दवाएं मिल रही हैं या नहीं और इलाज के दौरान उन्हें किसी प्रकार की परेशानी तो नहीं हो रही है।
अस्पताल के ओपीडी भवन के आगे बारिश का पानी जमा होने पर डीएम ने इसके कारणों की जानकारी ली। अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि सड़क का स्तर अस्पताल परिसर से ऊंचा होने के कारण बारिश का पानी परिसर में जमा हो जाता है। इस पर डीएम ने नगर पंचायत को आवश्यक कार्रवाई करते हुए जलजमाव की समस्या का समाधान कराने तथा परिसर के स्तर को ऊंचा कराने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने अस्पताल प्रबंधन को मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने, दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने और साफ-सफाई व्यवस्था में विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।
एक टिप्पणी भेजें