तीसरी सोमवारी की भीड़ को लेकर प्रशासन अलर्ट, शिवगंगा से बनेगी चार अतिरिक्त कतार

 सावन की तीसरी सोमवारी को लेकर प्रशासन अलर्ट 


कोशी तक/सिंहेश्वर मधेपुरा:- श्रावणी मेला में बाबा सिंहेश्वरनाथ मंदिर में तीसरी सोमवारी को उमड़ने वाली संभावित भारी भीड़ को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सजग और सतर्क नजर आ रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा और भीड़ नियंत्रण को लेकर डीएम एवं एसपी के नेतृत्व में जिला प्रशासन की टीम ने मंदिर परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने भीड़ के दबाव को कम करने के लिए शिवगंगा से चार अतिरिक्त कतारें बनाने का निर्णय लिया।

निरीक्षण के दौरान प्रशासन ने शिवगंगा की ओर से पाइप की बैरिकेडिंग कर कतार बनाने का निर्देश दिया। श्रद्धालुओं के प्रवेश के लिए प्रतिमा सिंह धर्मशाला के बगल स्थित शिवगंगा जाने वाले गेट का उपयोग किया जाएगा। इस बेरिकेडिंग की व्यवस्था से श्रद्धालुओं की भीड़ को अलग-अलग कतारों में व्यवस्थित कर गर्भगृह तक पहुंचाने की तैयारी की गई है।

साफ-सफाई पर विशेष जोर

अधिकारियों ने मंदिर परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था को और बेहतर करने का निर्देश दिया। मंदिर की आउटसोर्सिंग एजेंसी को भीड़ बढ़ने की स्थिति में नगर पंचायत के सफाई कर्मियों के साथ समन्वय कर लगातार सफाई कराने को कहा गया, ताकि मेला परिसर में गंदगी नहीं फैले और श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना न करना पड़े।

चार माह से मानदेय नहीं मिलने पर सफाई कर्मियों में नाराजगी

इधर, मंदिर की साफ-सफाई में काम करने वाले पूर्व सफाई कर्मियों ने प्रशासनिक टीम के समक्ष चार माह से मानदेय नहीं मिलने की समस्या रखी। बताया गया कि पूर्व में मंदिर की सफाई करने वाले ये कर्मी अब आउटसोर्सिंग व्यवस्था के तहत भी मंदिर परिसर की सफाई में जुटे हैं।

जिला प्रशासन की टीम के लौटने के बाद सिंहेश्वर थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह, मंदिर प्रबंधक भवेश कुमार, प्रभारी नगर पंचायत कार्यपालक पदाधिकारी तान्या कुमारी, मंदिर न्यास समिति के सदस्य विजय कुमार सिंह, रौशन ठाकुर एवं हरेन्द्र मंडल ने मानदेय से वंचित सफाई कर्मियों को बुलाकर समझाया। उन्हें सावन के दौरान श्रद्धालुओं की सेवा में सफाई व्यवस्था बनाए रखने की अपील की गई। साथ ही सावन के बाद पुराने आधार पर मानदेय भुगतान कराने का भरोसा दिया गया।

निरीक्षण के दौरान डीडीसी अनिल बसाक, एसडीओ संतोष कुमार, एएसपी प्रवेंद्र भारती, एसडीसी संतोष कुमार, यातायात डीएसपी चेतनांद झा, थानाध्यक्ष मधेपुरा विमलेंद्र कुमार सहित प्रशासनिक एवं मंदिर प्रबंधन से जुड़े अधिकारी मौजूद रहे।

तीसरी सोमवारी पर संभावित लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने कतार, प्रवेश, बैरिकेडिंग, सफाई और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं।

Post a Comment

और नया पुराने