बीपी मंडल इंजीनियरिंग कॉलेज में विस्तार बाजार पहुंच कार्यक्रम
कोशी तक/ सिंहेश्वर मधेपुरा:- विश्व उद्यमिता दिवस के अवसर पर बीपी मंडल कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, मधेपुरा में स्टार्टअप प्रकोष्ठ के तत्वावधान में व्यवसाय विस्तार एवं बाजार पहुंच कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन कॉलेज के प्राचार्य प्रो. अरविंद कुमार अमर ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों को नवाचार और उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य नवउद्यमियों एवं विद्यार्थियों को व्यवसाय विस्तार, बाजार तक पहुंच, सरकारी योजनाओं और विभागीय सहयोग की जानकारी देना था। इस दौरान कोषाधिकारी मनोज कुमार, संयुक्त वस्तु एवं सेवा कर आयुक्त शौकत अली, उप-पंजीयक नवनीत कुमार, जीविका के जिला कार्यक्रम प्रबंधक नीलकमल कुमार सहित अन्य पदाधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
नवउद्यम विशेषज्ञ एवं स्किल दर्पण के संस्थापक दयानंद कुमार मेहता तथा सेवन जी कैब्स के नवउद्यम एवं औद्योगिक विशेषज्ञ चेतन कुमार चंदन ने अपनी उद्यमिता यात्रा साझा करते हुए विद्यार्थियों को व्यवसाय में आने वाली चुनौतियों और असफलताओं से सीख लेकर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
जिला नवउद्यम समन्वयक मोहम्मद सादिक आजमी ने जिले के चार नवउद्यमों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं शुभारंभ का अवसर दिया। सहभागी नवउद्यमों एवं प्रतिभागियों को प्रशंसा प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए गए। स्टार्टअप प्रकोष्ठ के संकाय प्रभारी प्रो. मुरलीधर प्रसाद सिंह ने विद्यार्थियों से नवाचार को व्यवसाय का रूप देने और सरकारी संस्थागत सहयोग का लाभ उठाने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक विनोद कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
एक टिप्पणी भेजें