खेत में बिछे बिजली तार की चपेट में आने से महिला की मौत

खेत में बिछे बिजली तार की चपेट मे आने से महिला की मौत 




कोशी तक/ सिंहेश्वर मधेपुरा:-  पस्तपार थाना क्षेत्र के रहुआ गांव में शनिवार की सुबह खेत में बिछे बिजली के तार की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान रहुआ निवासी गुलट मंडल की 29 वर्षीय पत्नी गीता देवी के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, गीता देवी सुबह अपने मवेशी के लिए घास काटने खेत की ओर गई थी। घास काटकर लौटने के दौरान वह रणवीर यादव के खेत में बिछे बिजली के तार की चपेट में आ गई। करंट लगने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचने लगे।

सूचना मिलने पर थाना की पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

बताया गया कि मृतका के पति गुलट मंडल परिवार की रोजी-रोटी के लिए बाहर रहकर मजदूरी करते हैं। गीता देवी के दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद गांव में भी मातम पसरा हुआ है।

Post a Comment

और नया पुराने