राजकीय पॉलिटेक्निक, मधेपुरा में नवप्रवेशी छात्रों के लिए ओरिएंटेशन प्रोग्राम आयोजित, ‘आज की मेहनत ही कल की सफलता की पहचान है’ प्राचार्य

आरिएंटेंशन प्रोग्राम में नव प्रवेशी छात्रो का हुआ स्वागत 


कोशी तक/मधेपुरा:- राजकीय पॉलिटेक्निक, मधेपुरा में विभागीय दिशा-निर्देश के आलोक में शुक्रवार को सत्र 2026-29 के प्रथम सेमेस्टर एवं तृतीय सेमेस्टर (लेटरल एंट्री) के नव नामांकित छात्र-छात्राओं के लिए ओरिएंटेशन प्रोग्राम का सफल आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य डॉ. मो. सनावर आलम, डीन एकेडमिक प्रो. किशलय कुमार केशव, परीक्षा नियंत्रक प्रो. बिंदेश्वर पंडित, विज्ञान एवं मानविकी विभाग के प्रभारी प्रो. जयचंद्र कुमार तथा सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के प्रभारी प्रो. नीतीश कुमार ठाकुर ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम का संचालन इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग विभाग के प्रभारी प्रो. नवनीत कुमार ने किया।

अपने संबोधन में प्राचार्य डॉ. मो. सनावर आलम ने नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का स्वागत करते हुए संस्थान की शैक्षणिक गतिविधियों, अनुशासन और छात्र जीवन के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में निरंतर आगे बढ़ने और नई ऊंचाइयों को प्राप्त करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि "आज की मेहनत ही कल की सफलता की पहचान है।" उन्होंने यह भी कहा कि "ज्ञान सबसे बड़ी शक्ति है और शिक्षा सबसे बड़ा धन है।" साथ ही विद्यार्थियों को समय के महत्व को समझाते हुए कहा कि "जो विद्यार्थी समय का सम्मान करता है, समय उसे सफलता का सम्मान देता है।"

ओरिएंटेशन कार्यक्रम में संस्थान के सभी व्याख्याताओं एवं कर्मचारियों ने भाग लिया तथा नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं को संस्थान की शैक्षणिक व्यवस्था, नियमावली और भविष्य की संभावनाओं से अवगत कराते हुए उनका मार्गदर्शन किया।

कार्यक्रम का उद्देश्य नए विद्यार्थियों को संस्थान के वातावरण से परिचित कराना तथा उन्हें गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा के लिए प्रेरित करना था।

Post a Comment

और नया पुराने