4.69 करोड़ की कुल प्राप्ति, 3.84 करोड़ का भुगतान; 10,780 दीदियों को संगठन से जोड़ने पर जोर, कोशी जीविका समिति की वार्षिक आम सभा संपन्न

कोसी जीविका समिति की वार्षिक आमसभा सपन्न



कोशी तक/सिंहेश्वर मधेपुरा:- कोशी जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड (सीएलएफ), सुखासन की वार्षिक आम सभा संकुल संघ की अध्यक्षा वीणा देवी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंकेक्षित वित्तीय लेखा-जोखा के साथ आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना और बजट पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रस्तुत वित्तीय विवरण एवं आगामी कार्ययोजना को आम सभा ने सर्वसम्मति से मंजूरी दी।


कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला परियोजना प्रबंधक, मधेपुरा नीलकमल चौधरी उपस्थित रहे। बैठक में जीविका के परियोजना कर्मी, सीएलएफ स्टाफ, कम्युनिटी कोऑर्डिनेटर चंदा कुमारी एवं ज्योति कुमारी, लाइवलीहुड स्पेशलिस्ट रजत कुमार सहित संकुल संघ के विभिन्न कैडर और बड़ी संख्या में जीविका दीदियां शामिल हुईं।


4.69 करोड़ की हुई कुल प्राप्ति


आम सभा में कोषाध्यक्ष ने वित्तीय वर्ष 2025-26 का अंकेक्षित वित्तीय विवरण प्रस्तुत किया। इसके अनुसार समिति को वर्ष के दौरान कुल 4,69,83,955 की प्राप्ति हुई, जबकि कुल आय 5,22,810 दर्ज की गई। वहीं समिति द्वारा 3,84,90,434 का कुल भुगतान किया गया। सदस्यों ने वित्तीय विवरण पर चर्चा के बाद इसे सर्वसम्मति से अनुमोदित कर दिया।

इसके साथ ही वित्तीय वर्ष 2026-27 के प्रस्तावित बजट को भी ध्वनिमत से पारित किया गया।

807 एसएचजी से जुड़ीं 10,780 दीदियां

बैठक में संगठन के विस्तार और सदस्यता को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। वर्तमान में संकुल संघ के कार्यक्षेत्र में 807 स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) संचालित हैं, जिनसे कुल 10,780 सदस्य जुड़े हुए हैं। वित्तीय वर्ष 2024-25 में 586 सदस्यों को सदस्यता एवं हिस्सा प्रमाण पत्र निर्गत किया गया।

आम सभा में आगामी अक्टूबर 2026 तक सभी योग्य सदस्यों को शत-प्रतिशत समिति से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया।

बेहतर कार्य करने वाली सीएम को मिलेंगे 20-20 समूह

कैडरों के सशक्तीकरण और कार्यों की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए सभी सीएम, बीके, एमबीके, सीएनआरपी, एचएनएसएमआरपी, एसजेवाईएमआरपी, वीआरपी और पशु सखियों के कार्यों का नियमित मूल्यांकन एवं ग्रेडिंग करने पर सहमति बनी। बेहतर कार्य करने वाली प्रत्येक सीएम को 20-20 समूह आवंटित करने का निर्णय लिया गया। वहीं सभी कैडरों का अनुबंध नवीनीकरण 30 दिनों के भीतर पूरा कराने पर भी जोर दिया गया।

एनपीए समूहों से शत-प्रतिशत रिकवरी पर जोर

वित्तीय समावेशन और आजीविका संवर्धन के लिए सभी स्वयं सहायता समूहों के बैंक में बचत एवं सीसीएल खाते अनिवार्य रूप से खुलवाने का निर्णय लिया गया। एनपीए/पीएनपीए समूहों से शत-प्रतिशत ऋण वसूली सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया गया।

इसके अलावा मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना द्वितीय (MMRY-2) के तहत पात्र दीदियों से ₹20,000 की सहायता राशि के लिए आवेदन कराने तथा जीविका निधि से 200 से अधिक ऋण आवेदन कराने का लक्ष्य रखा गया।

दीदी की रसोई और सामुदायिक पुस्तकालय की होगी नियमित जांच

संकुल संघ द्वारा संचालित दीदी की रसोई, सामुदायिक पुस्तकालय और प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय की साफ-सफाई व्यवस्था की गुणवत्ता की मासिक जांच कराने का प्रस्ताव भी पारित किया गया। इसका उद्देश्य संचालित गतिविधियों में गुणवत्ता और पारदर्शिता बनाए रखना है।

सभा के अंत में सचिव ने कार्यवाही विवरण सदन के समक्ष पढ़कर सुनाया। अध्यक्षा वीणा देवी ने अतिथियों, जीविका कर्मियों, कैडरों और सभी दीदियों के प्रति आभार व्यक्त किया। धन्यवाद ज्ञापन के साथ वार्षिक आम सभा का समापन हुआ

Post a Comment

और नया पुराने