मुरलीगंज बंद घर में 10 लाख से अधिक के जेवरात की भीषण चोरी
कोशी तक/मुरलीगंज मधेपुरा:- मुरलीगंज नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड संख्या 10 में पेट्रोल पंप के समीप बंद पड़े एक घर को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाते हुए 10 लाख रुपये से अधिक मूल्य के जेवरात, नकदी और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
पीड़ित रोहित रौशन ने बताया कि उनके चाचा कुंदन कुमार भगत बांका जिले में शिक्षक हैं और ड्यूटी पर गए हुए थे। वहीं, रोहित स्वयं 31 जुलाई को निजी कार्य से दिल्ली चले गए थे। बुधवार सुबह घर लौटने पर उन्होंने देखा कि चारों कमरों के दरवाजों की कुंडी कटी हुई थी और ताले नीचे पड़े थे। अंदर जाने पर चारों गोदरेज अलमारियां टूटी मिलीं और कमरे में सामान बिखरा पड़ा था।
पीड़ित के अनुसार, एक अलमारी से करीब 15 हजार रुपये नकद के अलावा सोने की चेन, झुमके, टीका, नथिया, मंगलसूत्र, हार, अंगूठियां, कान की बालियां, नाक की मुनियां सहित कई आभूषण चोरी कर लिए गए। वहीं चांदी की पायल और बिछिया समेत अन्य कीमती सामान भी गायब मिले। दूसरी अलमारी से भी सोने-चांदी के आभूषण, जरूरी कागजात और अन्य सामान चोर ले गए।
परिजनों के मुताबिक चोरी गए सामान की कुल कीमत 10 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। घटना से परिवार के लोग सदमे में हैं। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए पुलिस से जल्द मामले का उद्भेदन कर चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है।
इधर, मुरलीगंज थानाध्यक्ष नूरूल हक ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। आवेदन प्राप्त होने के बाद विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
मुरलीगंज से अंशु भगत
إرسال تعليق