कोशी तक/सिंहेश्वर मधेपुरा:- श्रावणी मेला के शुभारंभ से एक दिन पहले बुधवार को जिला पदाधिकारी अभिषेक रंजन ने प्रशासनिक अधिकारियों की पूरी टीम के साथ बाबा सिंहेश्वरनाथ मंदिर परिसर का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को कई आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने मंदिर परिसर में लगाए गए बैरिकेडिंग की स्थिति देखी और श्रद्धालुओं की कतार में लगे पेयजल नलों को स्वयं खोलकर जांच की कि पानी की आपूर्ति सुचारू रूप से हो रही है या नहीं। उन्होंने मंदिर परिसर में जगह-जगह फैले खुले विद्युत तारों को तत्काल व्यवस्थित कराने का निर्देश दिया, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न रहे।
शिवगंगा की सफाई और बैरिकेडिंग होगी मजबूत
मंदिर के बाद डीएम शिवगंगा पहुंचे, जहां उन्होंने स्नान घाट पर लगाए गए बैरिकेडिंग को कमजोर बताते हुए उसे अतिरिक्त रूप से मजबूत करने का निर्देश दिया। साथ ही नगर पंचायत को शिवगंगा के चारों ओर व्यापक साफ-सफाई, मिट्टी कटाव रोकने और पूरे क्षेत्र को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।
इसी दौरान बिहार राज्य धार्मिक न्यास बोर्ड के निर्देशानुसार डीएम अभिषेक रंजन, डीडीसी, एसडीओ एवं न्यास समिति के सदस्यों ने शिवगंगा परिसर में पौधारोपण भी किया। डीएम ने शिवगंगा के आसपास 100 से 200 पौधे लगाने तथा "चकाचक सिंहेश्वर" अभियान के तहत क्षेत्र को स्वच्छ और हरित बनाने पर विशेष जोर दिया।
धर्मशाला, आरओ और पार्किंग व्यवस्था का भी लिया जायजा
डीएम ने प्रतिमा सिंह धर्मशाला पहुंचकर श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था का निरीक्षण किया। प्रवेश द्वार पर लगाए गए आरओ प्लांट की जांच की तथा उसके सामने लगी दुकानों को हटाकर रास्ता खाली कराने का निर्देश दिया।
इसके बाद उन्होंने मंदिर बाइपास क्षेत्र में फैली गंदगी पर नाराजगी जताते हुए नगर पंचायत की प्रभारी कार्यपालक पदाधिकारी तान्या कुमारी को तत्काल सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण से पहले प्रशासनिक टीम नारियल विकास बोर्ड परिसर स्थित पार्किंग स्थल भी पहुंची। वहां की व्यवस्थाओं पर असंतोष जताते हुए डीएम ने गुरुवार तक पंडाल, पेयजल, प्रकाश एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं पूरी करने का निर्देश दिया। साथ ही पार्किंग स्थल के अंदर पर्याप्त राबिश (ईंट-पत्थर की भराई) गिराकर उसे समतल एवं उपयोग योग्य बनाने को कहा।
मंदिर के पास से हटेगा शौचालय
मंदिर के समीप बाइपास स्थित सार्वजनिक शौचालय को लेकर डीएम ने कहा कि इससे मंदिर की शोभा और श्रद्धालुओं की धार्मिक भावना प्रभावित होती है। उन्होंने इस शौचालय को हटाने के लिए धार्मिक न्यास बोर्ड में प्रस्ताव भेजने और आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
गैस पाइपलाइन से जलापूर्ति प्रभावित, दो दिन बंद रहेगा पानी
बाजार क्षेत्र में गैस पाइपलाइन बिछाने के दौरान पाइप क्षतिग्रस्त होने से सड़क पर लगातार पानी बहने की समस्या पर भी डीएम ने संज्ञान लिया। उन्होंने संबंधित एजेंसी को रविवार और सोमवार को जलापूर्ति बंद रखकर अविलंब पाइप की मरम्मत एवं समस्या का स्थायी समाधान करने का निर्देश दिया।
श्रावणी मेला के सफल एवं सुरक्षित आयोजन को लेकर डीएम ने स्पष्ट कहा कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ समय सीमा के भीतर शेष कार्यों को पूरा करें, ताकि मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। साथ ही दो बच्चों की जिंदगी बचाने वाले निषादराज नौका बिहार के गोताखोर को इनाम लेने की बात कही। मौके पर डीडीसी अनिल बसाक, एसडीओ संतोष कुमार, एसडीसी संतोष कुमार, बीडीओ ज्योति गामी, सीओ नविन कुमार सिंह, थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह, प्रभारी ईओ नपं तान्या कुमारी, सदस्य विजय कुमार सिंह, अमरनाथ ठाकुर उर्फ लाल बाबा, रौशन ठाकुर, हरेंद्र मंडल, अस्मिता सिंह, योग नारायण पटेल, शंकर ठाकुर उर्फ रघु बाबा, पंकज ठाकुर उर्फ पंकज बाबा, न्यास प्रबंधक भवेश कुमार, अभिमन्यु कुमार, अमरनाथ ठाकुर, लेखापाल राकेश कुमार श्रीवास्तव, सहित सभी विभागों के जेई, ईई मौजूद थे।

एक टिप्पणी भेजें