कावरियों, डाकबम की सुविधा लेकर एसडीओ से मिले फाउंडेशन
कोशी तक/सिंहेश्वर, मधेपुरा:- श्रावणी मेला के दौरान डाकबम एवं बोलबम श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग को लेकर सामाजिक संगठन श्रृंगी ऋषि सेवा फाउंडेशन के प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) मधेपुरा से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
फाउंडेशन के संस्थापक भास्कर कुमार निखिल ने कहा कि श्रावण मास में डाकबम एवं बोलबम श्रद्धालुओं की यात्रा अत्यंत कठिन होने के साथ-साथ गहरी आस्था से जुड़ी होती है। श्रद्धालु लगभग 100 किलोमीटर दूर से गंगाजल लेकर पैदल बाबा सिंहेश्वरनाथ धाम पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार डाकबम यात्रा का विशेष महत्व है, इसलिए प्रशासन को इनके लिए अलग एवं सुगम वैकल्पिक मार्ग सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करानी चाहिए।
इस पर अनुमंडल पदाधिकारी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि डाकबम एवं बोलबम श्रद्धालुओं के प्रवेश को अधिक सुगम बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि दंड प्रणाम करने वाले श्रद्धालुओं के लिए निर्धारित वैकल्पिक मार्ग का उपयोग डाकबम श्रद्धालुओं की आवाजाही के लिए भी सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि श्रावणी मेले के दौरान वे स्वयं मौके पर उपस्थित रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे।
फाउंडेशन के मुख्य प्रबंधक सागर यादव ने संगठन द्वारा संचालित सेवा शिविर में श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी देते हुए प्रशासन से एक स्ट्रेचर उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। इस पर एसडीएम ने सोमवार से पहले सेवा शिविर के लिए स्ट्रेचर उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
फाउंडेशन के सदस्यों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन द्वारा किए गए आश्वासनों के बाद इस वर्ष श्रावणी मेले में डाकबम एवं बोलबम श्रद्धालुओं को अधिक सुगम और सुरक्षित यात्रा का लाभ मिलेगा।
एक टिप्पणी भेजें